इंदौर। इंदौर के बिल्डर और प्रॉपर्टी कारोबारी बंटी उर्फ संदीप नागर की आत्महत्या के मामले में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या के सही कारणों का पता नहीं चल रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल और पूछताछ के जरिेए कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
दो महिलाओं से भी हुई पूछताछ
पुलिस सूत्र बताते हैं कि इस मामले में सोमवार को दो महिलाओं को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था। ये महिलाएं कौन हैं, पुलिस इसका खुलासा नहीं कर रही, लेकिन बताया जाता है कि ये भी किसी बिल्डर के परिवार की थीं। मंगलवार को भी पुलिस कई लोगों से पूछताछ करने वाली है।
👉 यह भी पढ़ें:
डीवीआर की हार्डडिस्क नहीं मिली
पुलिस बंटी के ऑफिस से मिले दस्तावेज, लैपटाप और मोबाइल की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बिल्डिंग के कैमरों के फुटेज भी निकाले हैं। बंटी ने जिस कमरे में फांसी लगाई, वहां कैमरे चालू मिले, लेकिन उनकी रिकॉर्डिंग नहीं मिली। ऑफिस में लगे दो डीवीआर में से एक में हार्डडिस्क नहीं मिली, जबकि दूसरे डीवीआर में हार्डडिस्क लगी है।
चौथे माले के ऑफिस में मिला था शव
पुलिस के अनुसार गुलमोहर कॉलोनी निवासी बंटी नागर का शव रविवार शाम उनके बेटे ने साकेत स्थित द मार्क बिल्डिंग के चौथे माले के ऑफिस में देखा था। देर शाम परिजनों ने अस्पताल से पुलिस को घटना की जानकारी दी। चौथे माले पर बंटी के दो ऑफिस हैं और दोनों में कैमरे लगे हैं। जिस केबिन में उन्होंने फांसी लगाई, वहां लगे डीवीआर में हार्डडिस्क नहीं मिली। दूसरे ऑफिस के डीवीआर में हार्डडिस्क लगी है, लेकिन उसमें पासवर्ड लगा हुआ है। बंटी के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसे पासवर्ड की जानकारी नहीं है।
मोबाइल से खुल सकते हैं राज
पुलिस के अनुसार बंटी के मोबाइल में पैटर्न लॉक लगा है। पुलिस कई बार इसे खोलने का प्रयास कर चुकी है, लेकिन लॉक नहीं खुला। परिवार को भी मोबाइल का पैटर्न पता नहीं है। मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिरी समय में बंटी की किन लोगों से बातचीत हुई थी।
साड़ी को लेकर रहस्य बरकरार
पुलिस के अनुसार बिल्डर बंटी ने साड़ी से फांसी लगाई थी। पजिनों ने भी साड़ी की पहचान नहीं की है। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि बंटी साड़ी लेकर ऑफिस कैसे पहुंचे। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर साड़ी किसकी है।
दो महिला पार्टनर से अनबन
पुलिस को बंटी से जुड़े कुछ प्रापर्टी विवादों की जानकारी भी मिली है। इसके अलावा दो महिला पार्टनर से अनबन की जानकारी भी मिली है। इसके अलावा बंटी से आर्थिक लेन-देन करने वाले कारोबारियों और कारोबार में शामिल भागीदारों से जुड़े पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है। एफएसएल की टीम ने कारोबारी के आफिस में कई स्थानों से फिंगर प्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
पैसों के लेनदेन की बात भी आई सामने
पुलिस सूत्रों के अनुसार एक राजनेता के भाई और मुंबई के एक कारोबारी के साथ उनके विवाद की बात भी सामने आई है। बताया जाता है कि बंटी पर ब्याज सहित बड़ी रकम चुकाने का दबाव भी था। पुलिस इन सारे एंगलों पर जांच कर रही है।



