नई दिल्ली। ‘वंदे मातरम्’ को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच चल रहा राजनीतिक विवाद अब व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। केंद्रीय मंत्री और जेडीएस नेता एच.डी. कुमारस्वामी ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके विदेशी मूल का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी शादी के बाद भारत आईं और उनकी रगों में इटली का खून है। कुमारस्वामी का यह बयान सामने आते ही कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और सोनिया गांधी के भारतीय जीवन, परिवार और देश के लिए उनके योगदान का हवाला देते हुए केंद्रीय मंत्री पर पलटवार किया।
क्यों आया सोनिया गांधी का नाम?
विवाद की शुरुआत स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हुए कार्यक्रम से हुई। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तिरंगा फहराया और ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ। बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने राष्ट्रगीत के पूर्ण गायन पर आपत्ति जताई और सोनिया गांधी के इशारों को इसी संदर्भ में जोड़ा। कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज किया। पार्टी का कहना है कि सोनिया गांधी का इशारा ‘वंदे मातरम्’ रोकने के लिए नहीं था, बल्कि खरगे के लिए कुर्सी की व्यवस्था करने से संबंधित था। कांग्रेस ने यह भी कहा कि कार्यक्रम में राष्ट्रगीत को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया। बीजेपी और कांग्रेस के बीच इसी आरोप-प्रत्यारोप के बीच कुमारस्वामी ने सोनिया गांधी को सीधे निशाने पर ले लिया।
👉 यह भी पढ़ें:
- वंदे मातरम विवाद पर अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, कहा-शर्म बची हो तो माफी मांग लें
- सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत, भाजपा ने लगाया वंदे मातरम् के अपमान का आरोप
- NEET पेपर लीक पर सोनिया गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोलीं- ‘छात्रों की आवाज दबाने के बजाय जवाबदेही तय करे सरकार’
- कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया केंद्र पर हमला, कहा-मनरेगा पर बुलडोजर चला दिया
- संसद में भारी हंगामा: पीएम मोदी के कथित अपमान पर दोनों सदन ठप, सोनिया गांधी से माफी की मांग
- बिना नागरिकता वोटर लिस्ट में नाम शामिल होने के मामले में सोनिया गांधी को नोटिस, राऊज एवेन्यू कोर्ट का फैसला
कुमारस्वामी ने कहा-जनता सब देख रही है
कुमारस्वामी ने कर्नाटक के हासन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सोनिया गांधी के भारतीय मूल पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सोनिया गांधी मूल रूप से भारत की हैं और कहा कि वह शादी के बाद भारत आई थीं, इसलिए उनकी रगों में इटली का खून बहता है। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर ‘वंदे मातरम्’ को लेकर संकीर्ण सोच रखने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि राष्ट्रीय गीत का सम्मान किया जाना चाहिए और कांग्रेस नेताओं को इस मुद्दे पर बहाने नहीं बनाने चाहिए। कुमारस्वामी ने कांग्रेस की ओर से सोनिया गांधी के इशारों को लेकर दी गई सफाई पर भी सवाल उठाया। उनके मुताबिक, यह कहना कि सोनिया गांधी केवल खरगे के लिए कुर्सी की व्यवस्था करा रही थीं, विवाद से बचने की कोशिश है और जनता सब कुछ देख रही है।
भारतीय भावनाओं के विरोध का आरोप
मंगलवार को फिर कुमारस्वामी ने कहा कि सोनिया गांधी के पति राजीव गांधी ने देश के लिए बलिदान दिया, लेकिन सवाल यह है कि सोनिया गांधी ने स्वयं क्या बलिदान दिया। उन्होंने एक बार फिर सोनिया गांधी को इटली से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि वह भारतीय भावनाओं का विरोध कर रही हैं। इस बयान के बाद ‘वंदे मातरम्’ का मूल विवाद अब सोनिया गांधी की नागरिकता, मूल और राजनीतिक पहचान को लेकर भी बहस में बदल गया है।
कांग्रेस ने कहा-सोनिया गांधी कई भारतीयों से ज्यादा भारतीय’
कुमारस्वामी के बयान पर कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई। कर्नाटक के मंत्री रिजवान अरशद ने कुमारस्वामी को ‘हताश व्यक्ति’ बताते हुए कहा कि सोनिया गांधी ‘कई भारतीयों से ज्यादा भारतीय’ हैं। कांग्रेस नेता ने राजीव गांधी के बलिदान का जिक्र करते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया है और एकजुट तथा न्यायपूर्ण भारत के लिए काम कर रही हैं। कांग्रेस के पलटवार से साफ है कि पार्टी इस मुद्दे को केवल ‘वंदे मातरम्’ विवाद तक सीमित नहीं रखना चाहती। वह इसे सोनिया गांधी के भारतीय सार्वजनिक जीवन और उनके परिवार के राजनीतिक इतिहास से जोड़कर बीजेपी-जेडीएस के हमले का जवाब दे रही है।



