गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में रविवार तड़के बड़ा घटनाक्रम सामने आया। उत्तर प्रदेश पुलिस ने दावा किया है कि मामले का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। पुलिस के अनुसार, खोड़ा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान असद घायल हो गया था, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने भी एनकाउंटर की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, असद लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
👉 यह भी पढ़ें:
- कॉलोनाइजर को फायदा पहुंचाने के लिए छोटा बांगड़दा में निजी जमीन पर मंत्री समर्थक बना रहे थे सड़क, विरोध हुआ तो टला कल का भूमिपूजन
- लखनऊ में पति ने बैंक मैनेजर पत्नी को मारी गोली, फिर बहन को मारकर दे दी जान
- अंकिता भंडारी केस फिर चर्चा में: राहुल गांधी ने उठाए ‘VIP’ पर सवाल, परिवार को अब भी न्याय का इंतजार
- बुलंदशहर एनकाउंटर में 50 हजार का इनामी मोनू ढेर, नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या केस में था वांछित; 2 पुलिसकर्मी घायल
- MP Crime: हाईवे हादसा नहीं निकला खौफनाक हत्याकांड! 5 मौतों की गुत्थी में 8 गिरफ्तार
- कावेरी के लिए किसानों का अनोखा प्रदर्शन! रेत में खुद को दफन कर बोले- ‘पानी दो, वरना फसल बर्बाद हो जाएगी’

यह मामला 28 मई को सामने आया था, जब खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी निवासी छात्र सूर्या चौहान को कथित तौर पर चाकू मार दिया गया था। गंभीर रूप से घायल सूर्या को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। घटना के तुरंत बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी असद पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल के अनुसार, रविवार सुबह पुलिस टीम और असद के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में असद घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शुरुआती जांच में आरोपी और मृतक सूर्या चौहान के बीच दोस्ती होने की बात सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल चलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि उसने हिंसक रूप ले लिया और सूर्या की जान चली गई।
अब असद के एनकाउंटर के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जहां एक ओर पुलिस इसे बड़ी सफलता बता रही है, वहीं इस घटना को लेकर कई सवाल और चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।



