इंदौर। इंदौर में वकील-पुलिस विवाद जल्दी थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार को एमजी रोड थाना प्रभारी के साथ हुई घटना के विरोध में इंदौर के थाना प्रभारियों ने अपने वॉट्सएप की डीपी ब्लैक रखी। इधर, परदेशीपुरा में होली के दिन गुलाल फेंकने पर विवाद करने वाले वकीलों के खिलाफ पुलिस ने मारपीट की धाराओं में कार्रवाई की। रविवार को तुकोगंज थाने में भी एक युवक की शिकायत पर वकीलों के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की गई।
रविवार को शाम को स्थानीय रहवासी और भोई समाज के लोग थाने पहुंचे और वकीलों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने यहां नारेबाजी करते हुए कहा कि वकीलों की तानाशाही नहीं चलेगी। वकीलों ने गुंडागर्दी की है। उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। काफी देर तक रहवासी यहां पर नारे लगाते रहे। पुलिस के मुताबिक होली के दिन गुलाल फेंकने की बात पर राजू भोई के साथ वकीलों ने मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने पहले आवेदन लिया था। मेडिकल के बाद आरोपियों पर केस दर्ज किया गया था।
👉 यह भी पढ़ें:
- अपमान का घूंट पीकर भी सुदर्शन गुप्ता की चुनरी यात्रा में पहुंचे विजयवर्गीय, सीएम के आने से पहले ही मार गए कलटी!
- चुनरी यात्रा के बहाने विधानसभा एक में ‘सुदर्शन चक्र’, होर्डिंग-बैनर से मंत्रीजी गायब!
- मंत्री की बैठक से दूरी बनाने के बाद बोलीं विधायक मालिनी गौड़- ऐसी बैठकों में जाने का कोई मतलब नहीं
- मंत्रीजी की बैठक से अधिकांश विधायकों ने बनाई दूरी, नाराज होकर बोले-शायद उनके क्षेत्र में पानी की दिक्कत नहीं होगी
- 19 साल तक सोता रहा आईडीए, आंखों पर पट्टी बांधे बैठे रहे विभाग, सुपर कॉरिडोर की जमीन पर सुरेश भदौरिया का खेल
- करोड़पति निकला इंदौर का प्रधान आरक्षक, 15 ठिकानों पर लोकायुक्त की एक साथ कार्रवाई
हाईकोर्ट के सामने किया था चक्काजाम
इस मामले में केस दर्ज होने पर वकीलों ने हाइकोर्ट के सामने शनिवार को जमकर हंगामा किया। पुलिस से उनकी बहस भी हुई। टीआई जितेन्द्र यादव के साथ मारपीट भी की गई। वहीं एसीपी विनोद दीक्षित की भी वर्दी खींची गई। उक्त मामले में टीआई के साथ अभद्रता में वकीलों पर शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज किया गया। वहीं दूसरी रिपोर्ट पुलिसकर्मी की शिकायत पर बिना अनुमति के प्रदर्शन को लेकर की गई थी।
तुकोगंज में हुई एक और एफआईआर
रविवार शाम को खजराना निवासी एक युवक जीशान अली तुकोगंज थाने पहुंचा।। उसने बताया कि वह वकीलों के प्रदर्शन के दौरान वहां से जा रहा था। इस दौरान उसके साथ वकीलों ने मारपीट की। इस मामले में व्यक्ति के थाने पहुंचने पर वरिष्ठ पुलिस अफसरों को जानकारी दी गई। उसकी शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर वीडियो की जांच शुरू कर दी है।
मारपीट का भी वीडियो आया सामने
इस विवाद को लेकर परदेशीपुरा थाने के पुलिसकर्मियों द्वारा वकील और उनके बेटे के साथ मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि पुलिसकर्मी वकील और उनके बेटे को बुरी तरह पीट रहे हैं। इतना ही नहीं मोबाइल से वीडियो बनाने वालों को भी धमका रहे हैं।



