स्पेन में निवेशकों से बोले सीएम यादव-हर सेक्टर में तेजी से बढ़ने वाला राज्य है मध्यप्रदेश, फुटबॉल के क्षेत्र में भी तलाशी संभावनाएं

Date:

भोपाल। मध्यप्रदेश के सीएम डॉ.मोहन यादव ने बुधवार को स्पेन के मैड्रिड में इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश बिजनेस फोरम को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि अगर आप भारत के किसी और राज्य में भी उद्योग स्थापित करते हैं तो भी आपको मध्यप्रदेश की आवश्यकता पड़ेगी। मध्यप्रदेश हाईवे, रेल, हवाई मार्ग से सीधा जुड़ा है। प्रदेश सभी सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ने वाला राज्य बना है। यह राज्य देश की अर्थव्यवस्था को गति प्रदान में अहम भूमिका निभाता है।

सीएम यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में फूड प्रोसेसिंग, सोलर एनर्जी, विंड एनर्जी, एग्री बेस्ड इंडस्ट्री और टेक्सटाइल सेक्टर में बड़ी संभावनाएं हैं। राज्य सभी सेक्टर में निवेशकों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं देने की क्षमता रखता है। इस दौरान मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश की अपार संभावनाओं पर केंद्रित लघु फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम में प्रदेश के अधिकारियों ने भी निवेशकों को कई अहम जानकारियां दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और स्पेन दो प्राचीन सभ्यताएं हैं। दोनों देशों ने नैतिक मूल्यों के आधार पर संस्कृति को आगे बढ़ाया। एक प्रकार से दोनों भाईभाई हैं। भारत प्रकृति से प्रेम करने वाला देश है। तकनीक के क्षेत्र में स्पेन की भी अलग पहचान है। मध्य प्रदेश में खनिज, पर्यटन, उद्योग स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं। भारत में एमपी टूरिज्म सबसे तेजी बढ़ रहा है। आप लोग मध्यप्रदेश से जुड़िए। केंद्र सरकार की ओर से मध्यप्रदेश को कई तरह की छूट मिल रही हैं।

लालिगा मुख्यालय का भी किया दौरा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को मैड्रिड स्थित विश्व प्रसिद्ध लालिगा मुख्यालय का भ्रमण किया। वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट कर खेल, युवा सशक्तिकरण और निवेश सहयोग पर केंद्रित संवाद किया। उन्होंने कहा कि लालिगा की खेल विशेषज्ञता और वैश्विक पहुंच का लाभ मध्यप्रदेश के युवाओं तक पहुंचना चाहिए। यह यात्रा सिर्फ एक औपचारिक दौरा नहीं, बल्कि खेल के क्षेत्र में नवाचार, सामाजिक समावेशन और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी की दिशा में प्रदेश के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने लालिगा के पदाधिकारी और तकनीकी निदेशकों के समक्ष प्रस्ताव रखा कि मध्यप्रदेश में पब्लिकप्राइवेट पार्टनरशिप (पीपी) मॉडल पर फुटबॉल एक्सीलेंस सेंटर, स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन और स्पेनिश कोचिंग आधारित यूथ ट्रेनिंग प्रोग्राम प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि लालिगा के साथ यह साझेदारी केवल खेलों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह प्रदेश में रोजगार सृजन, सामाजिक भागीदारी, अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग और सांस्कृतिक पर्यटन को नई दिशा दे सकती है।

खेलों के विकास में अग्रसर है एमपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार और खेल मंत्रालय के सहयोग से मध्यप्रदेश भी हर स्तर पर खेलों के विकास में अग्रसर है। उन्होंने बताया कि शहडोल के एक छोटे से गांव में जब प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की फुटबॉल राजधानी की उपमा दी, तो वह केवल एक प्रशंसा नहीं थी, बल्कि देश की उस छिपी हुई ताकत को पहचानने का संकेत था, जो ग्रामीण भारत में मौजूद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल से लेकर भोपाल तक, प्रदेश में फुटबॉल सहित सभी खेलों के लिए अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, प्रशिक्षण और वैश्विक प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

Recent News
Related