गुजरात और पश्चिम बंगाल में BSF की बड़ी कार्रवाई
गुजरात में 15 पाकिस्तानी मछुआरे गिरफ्तार
गुजरात के कोरी क्रीक क्षेत्र में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने बड़ी कार्रवाई की। बीओपी बीबीके के पास इंजन-फिट देशी नाव के साथ 15 पाकिस्तानी मछुआरों को गिरफ्तार किया गया।
यह ऑपरेशन BSF की 68वीं और 176वीं बटालियन तथा वाटर विंग ने मिलकर चलाया। तेज गश्ती नौकाओं और स्थानीय पेट्रोलिंग टीमों की मदद से आसपास के क्रीक इलाकों को कवर किया गया।
पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश पुलिस अधिकारी पकड़ा गया
इससे पहले BSF ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बांग्लादेश पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी को भारतीय क्षेत्र में अवैध रूप से घुसते समय गिरफ्तार किया।
बीएसएफ ने उसे हकीमपुर बॉर्डर आउटपोस्ट के पास पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से पहचान पत्र मिले, जिनसे पुष्टि हुई कि वह बांग्लादेश पुलिस अधिकारी है। पूछताछ के बाद उसे आगे की जांच के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस को सौंप दिया गया।
घुसपैठ के पीछे की वजह की जांच जारी
अधिकारियों के मुताबिक, यह जांच की जा रही है कि पकड़ा गया अधिकारी स्वतंत्र रूप से आया था या किसी नेटवर्क के इशारे पर। भारत-बांग्लादेश सीमा 4,096 किमी लंबी है, जो दुनिया की सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं में से एक है। इसका 2,217 किमी हिस्सा पश्चिम बंगाल में आता है, जो सुरक्षा एजेंसियों के लिए अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्र है।
उत्तर 24 परगना की चुनौती
उत्तर 24 परगना घनी आबादी, नदी-तटीय इलाकों और शहरी केंद्रों की निकटता के कारण विशेष रूप से संवेदनशील है। यही कारण है कि यहां अक्सर तस्करी, अवैध सीमा पार और संगठित नेटवर्क की गतिविधियां सामने आती रहती हैं।


