नई दिल्ली। बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं, इसी बीच केरल कांग्रेस के एक ट्वीट ने सियासत गर्मा दी है। दरअसल जीएसटी के स्लैब में बदलाव के दौरान बीड़ी पर टैक्स घटाया गया है। केरल कांग्रेस ने ट्वीट में बीड़ी और बिहार की तुलना कर दी है। भाजपा ने इसे बिहार और बिहारियों का अपमान बाया है।
केरल कांग्रेस द्वारा एक्स पर ट्वीट में एक चार्ट दिखाया गया है। इसमें सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पादों और बीड़ी पर जीएसटी की तुलना की गई है। तंबाकू पर जीएसटी 28 पर्सेंट से बढ़ाकर 40 पर्सेंट कर दिया गया है। सिगरेट और सिगार पर भी इसी तरह टैक्स बढ़ाया गया है,लेकिन बीड़ी पर जीएसटी 28 पर्सेंट से घटाकर 18 पर्सेंट कर दिया गया है।केरल कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से किए गए इस ट्वीट में लिखा है कि बीड़ी और बिहार दोनों ‘B’ से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।
👉 यह भी पढ़ें:
- नेपाल में जलप्रलय से बिहार-यूपी में चिंता, मदद के लिए आगे आया भारत
- सुपौल में तेज रफ्तार कार का कहर: कीर्तन कर रहे 5 लोगों की मौत, NH-327E पर मचा हंगामा
- सावन की आखिरी सोमवारी पर सिंहेश्वर मंदिर में भगदड़, कई श्रद्धालु घायल; अफवाह से मची अफरा-तफरी
- बेतिया में दर्दनाक हादसा: ऑर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी तेज रफ्तार बस, 5 की मौत
- नालंदा में मिड-डे मील की बड़ी लापरवाही: नमक की जगह सब्जी में डाल दिया सर्फ, 40 से ज्यादा बच्चे बीमार
- बिहार के गयाजी में कुएं में जहरीली गैस से पिता-पुत्र समेत चार की मौत
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बार फिर से अपनी बिहार विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने बिहार व बिहारियों की तुलना बीड़ी से की है। सोचिए ये किस तरह की मानसिकता है। ये वही कांग्रेस पार्टी है, जिसने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी की मां को गालियां दीं, भद्दी बातें बोलीं। पूनावाला ने कहा ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। डीएमके के नेताओं ने बिहारियों को पानी पूरी बेचने वाला और टॉयलेट क्लीनर बताया था। तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने तो बिहार के डीएनए पर सवाल उठा दिए थे। उन्होंने राहुल गांधी की उत्तर भारतीयों पर टिप्पणी का मुद्दा उठाया और कहा कि कांग्रेस ने अब पूरे बिहार का अपमान किया है। पूनावाला ने कहा कि अगर वो B से बिहार और B से बीड़ी कहते हैं, तो हम भी कह सकते हैं कि C से कांग्रेस है, C से करप्शन है, चाटुकारिता है। इधर, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे पूरे बिहार का अपमान करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार–बार अपनी संकीर्ण मानसिकता दिखा रही है।
जदयू ने भी जताया विरोध
जदयू नेता संजय कुमार झा ने भी तीखा जवाब दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आपको बता दें कि B से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है! B से बजट भी होता है, जिसमें बिहार को विशेष सहायता मिलने पर आपको मिर्ची लगती है। झा ने कहा कि कांग्रेस ने न सिर्फ बिहारवासियों बल्कि देश की गौरवशाली विरासत का भी मजाक उड़ाया है। संजय झा ने चेतावनी दी कि बिहार की जनता नवंबर–दिसंबर 2025 में होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देगी।



