वायनाड भूस्खलन पीड़ितों का कर्ज माफ न करने पर प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार की आलोचना की
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायनाड भूस्खलन पीड़ितों का कर्ज माफ न करने के लिए केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ करने में हिचकिचाती नहीं, लेकिन आम लोगों के लिए संवेदनहीन रवैया अपनाती है।

कांग्रेस की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि प्रियंका गांधी केरल उच्च न्यायालय में केंद्र सरकार के रुख पर प्रतिक्रिया दे रही थीं, जिसमें केंद्र ने कहा था कि वह वायनाड भूस्खलन पीड़ितों का कर्ज माफ नहीं कर सकती।
प्रियंका गांधी ने कहा कि वह केरल हाईकोर्ट की इस टिप्पणी से पूरी तरह सहमत हैं कि केंद्र सरकार ने पीड़ितों की जरूरत के समय उन्हें निराश किया है।
बुधवार को केरल उच्च न्यायालय ने भी केंद्र की आलोचना करते हुए कहा था कि वायनाड में 2024 के भूस्खलन पीड़ितों का कर्ज माफ करने का अधिकार होने के बावजूद केंद्र ने कार्रवाई न करके लोगों को मायूस किया है।
गौरतलब है कि 30 जुलाई 2024 को वायनाड के मुंडक्कई और चूरलमाला क्षेत्रों में आए विनाशकारी भूस्खलन में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे। दोनों इलाके लगभग पूरी तरह तबाह हो गए थे।


