अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अयोध्या से पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती का निधन हो गया है। उन्होंने मध्य प्रदेश के रीवा में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली है।अयोध्या के पूर्व सांसद व रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य डॉ. रामविलास दास वेदांती के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी शोक संवेदना जताई है।
सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख स्तंभ, पूर्व सांसद एवं श्री अयोध्या धाम स्थित वशिष्ठ आश्रम के पूज्य संत डॉ. रामविलास वेदांती जी महाराज का गोलोकगमन आध्यात्मिक जगत और सनातन संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उनका जाना एक युग का अवसान है। धर्म, समाज व राष्ट्र की सेवा को समर्पित उनका त्यागमय जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोक संतप्त शिष्यों एवं अनुयायियों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.ॐ शांति!
👉 यह भी पढ़ें:
- पूर्व सांसद सज्जन कुमार का 80 साल की उम्र निधन, सिख विरोधी दंगों में ठहराए गए थे दोषी
- Pradeep Rawat Death: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का 74 साल की उम्र में निधन, ‘गजनी’ के खलनायक से ‘महाभारत’ के अश्वत्थामा तक छोड़ी अमिट छाप
- Garry Sobers: क्रिकेट जगत के महान ऑलराउंडर गैरी सोबर्स का निधन, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
- नहीं रहे कांग्रेस के पानी वाले बाबा : पूर्व विधायक अश्विन जोशी का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार
- स्मृति शेष : जब उमराव जान ने बदल दी थी आशा भोसले की शोख और चंचल आवाज, आज भी दिल चीर देती है-दिल चीज क्या है आप मेरी जान लीजिए…
- बंगाल की राजनीति के ‘चाणक्य’ को श्रद्धांजलि: मुकुल रॉय का 71 वर्ष की आयु में निधन
अयोध्या की सड़कों के नाम बदलने की उठाई थी मांग
डॉ. रामविलास वेदांती की राम जन्मभूमि आंदोलन के बड़े चेहरों में गिनती होती है। उन्होंने अयोध्या के सांसद रहते हुए संसद से लेकर सड़कों तक राम मंदिर निर्माण की आवाज को मजबूती से उठाया। हाल ही में उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की थी कि अयोध्या की उन सड़कों के नाम बदल दिए जाएं, जिनके नाम मुस्लिम नामों पर रखे गए हैं।
रीवा में एक कथा के दौरान बिगड़ी तबीयत
मध्य प्रदेश के रीवा में एक कथा महोत्सव के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका निधन हो गया। वे 77 साल के थे। उनका पार्थिव शरीर देर शाम तक अयोध्या पहुंचेगा। मंगलवार की सुबह 10:00 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।



