केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा केदार’ के जयघोषों से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु इस पावन क्षण के साक्षी बने।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। बाबा केदार के मंदिर को करीब 51 क्विन्टल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसकी सुंदरता ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
👉 यह भी पढ़ें:
इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर से प्रस्थान कर 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए केदारनाथ धाम पहुंची। यह डोली जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और आधार शिविर से होकर केदारपुरी पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
धाम पहुंचने पर डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान सैन्य दल के वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों और डमरू की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और सुरक्षा बलों के जवान मुस्तैदी से तैनात रहे।
कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में लीन नजर आए। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी, पुजारीगण, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


