नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड विवाद के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक में भाजपा पर सत्ता हथियाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने और आंतरिक मतभेद दूर कर एकजुट रहने को कहा है।
खड़गे ने बुधवार को नेशनल हेराल्ड मामले में भी केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली निरंकुश सरकार अपने पाप पर पर्दा डालने के लिए उनकी पार्टी को निशाना बनाने पर तुली हुई है। खड़गे ने कहा कि भाजपा ने आखिर देश के लिए क्या किया है? सिर्फ ईडी, आयकर और सीबीआई का इस्तेमाल कर डर पैदा करने की कोशिश करती है। जहां–जहां कांग्रेस सत्ता में है, वहां–वहां की सरकारों को गिराकर सत्ता पर कब्जा करना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में भी इसी तरह की कोशिश चल रही है। हमारे लोगों को सतर्क रहना चाहिए। आपके बीच चाहे जो भी आंतरिक मतभेद हों, आपको एकजुट रहना चाहिए।
गरीब जनता को निगल जाएंगे मोदी-शाह
खड़गे ने कहा कि मोदी और शाह मिलकर गरीब जनता को निगल जाएंगे। जनता की रक्षा के लिए आपको सत्ता दी गई है। उनकी रक्षा करना आपके हाथ में है। वे वहां बैठे हैं, लूट रहे हैं और दरार पैदा कर रहे हैं। भाजपा कांग्रेस नेताओं को डराने की कोशिश करती है, लेकिन हम न डरेंगे, न झुकेंगे। हम हमेशा आपके आशीर्वाद और समर्थन से लड़ेंगे। हम देश को एकजुट रखेंगे, देश का निर्माण करेंगे और भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
आंबेडकर को कांग्रेस ने ही अध्यक्ष बनाया था
कांग्रेस पर भाजपा द्वारा आंबेडकर के अपमान के आरोप पर खड़ने ने कहा कि क्या आरएसएस और भाजपा उनसे प्रेम करते थे और उनका सम्मान करते थे? नहीं। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस ही है जिसने आंबेडकर को संविधान की मसौदा समिति का अध्यक्ष बनाया। उनके द्वारा दिया गया संविधान आज भी जीवित है। यह आप लोग (भाजपा) हैं, जो आज उस संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।


