भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के लोगों को अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों में अगले तीन दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार शाम तेज आंधी और बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रवाती संचरण और प्री-मानसून गतिविधियों के कारण उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
बीते 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण लू का असर देखने को मिला, जबकि राजस्थान का श्रीगंगानगर 47.1 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। साथ ही, देश के लगभग 80 फीसदी हिस्सों में 5 जून तक प्री-मानसून बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। पिछले कई दिनों से राजधानी का तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच रहा था। वहीं, गाजियाबाद में बुधवार को 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज तापमान बृहस्पतिवार को घटकर 39 डिग्री सेल्सियस रह गया।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।


