कोलकाता। चुनाव आयोग के पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही सीएम ममता बनर्जी ने एक बड़ा दांव खेल दिया है। उन्होंने राज्य के पुजारी और मुअज्जिनों की मासिक मानदेय राशि 500 रुपये बढ़ाकर 2000 रुपये प्रति माह करने की घोषणा की है।
सीएम ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ये लोग हमारी समुदायों के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उन्हें यह सहयोग दिया जा रहा है। साथ ही, जिन्होंने नए आवेदन राज्य सरकार को प्रस्तुत किए थे, उन्हें भी मंजूरी दे दी गई है। ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार हर समुदाय और परंपरा का सम्मान करती है और यह सुनिश्चित करती है कि हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षक को पूरा सहयोग और मान्यता मिले।
👉 यह भी पढ़ें:
- क्या ममता बनर्जी से दूर हो रहे उनकी पार्टी के ही नेता ? बड़ी बैठक में 41 में से सिर्फ 5 सांसद पहुंचे, TMC में अंदरूनी बगावत के संकेत?
- टीएमसी नेताओं पर हमले के खिलाफ ममता को नहीं मिली प्रदर्शन की इजाजत, अब केंद्र सरकार को दी कड़ी चेतावनी
- West Bengal Cabinet Expansion 2026: शुभेंदु सरकार का बड़ा दांव! 35 मंत्रियों की शपथ के पीछे क्या है नया राजनीतिक समीकरण?
- भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर भड़कीं ममता बनर्जी, एक्स पोस्ट में भाजपा को कोसा
इसके साथ ही सीएम ममता बनर्जी ने बंगाल के कर्मचारियों और पेंशनरों को लेकर भी बड़ा एलान किया। एक अलग पोस्ट में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की है कि उनकी सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के साथ–साथ राज्य के शैक्षिक संस्थानों के लाखों शिक्षक और गैर–शिक्षक स्टाफ, तथा पंचायत, नगरपालिका और अन्य स्थानीय निकायों के कर्मचारियों/पेंशनरों के लिए अपना वादा पूरा कर दिया है। सीएम ने कहा कि अब ये सभी लोग ROPA 2009 के डीए बकाया की राशि मार्च 2026 से प्राप्त करना शुरू कर देंगे। इसे लागू करने की पूरी प्रक्रिया और नियम सरकारी नोटिफिकेशन में स्पष्ट किए गए हैं। ममता बनर्जी ने बताया कि यह कदम कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा है और इसका उद्देश्य सभी को समय पर आर्थिक लाभ सुनिश्चित करना है।


