पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित आवास पर शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छापेमारी की। सेक्टर-2 स्थित उनके घर पर करीब 20 गाड़ियों में अधिकारी पहुंचे, जिसके बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई।
पिछले एक महीने में यह दूसरी बार है जब संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर कार्रवाई हुई है। इससे पहले उनके लुधियाना स्थित आवास और अन्य ठिकानों पर भी दबिश दी गई थी।
👉 यह भी पढ़ें:
जांच एजेंसी को कथित तौर पर एक बड़े धन शोधन मामले के सुराग मिले हैं। आरोप है कि अरोड़ा की कंपनी के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक के मोबाइल फोन की फर्जी जीएसटी खरीद दिखाई गई और फिर दुबई के रास्ते अवैध धन को भारत में वापस लाने का खेल किया गया।
इस कार्रवाई के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक साल में तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार छापेमारी हुई, लेकिन अब तक कुछ भी बरामद नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, जिसे कोई दबा नहीं सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है और पंजाब ऐसी राजनीति के आगे झुकने वाला नहीं है।


