अमृतसर। पंजाब के अमृतसर के मजीठा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत हो गई है। इसके आलावा छह लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। घटना सोमवार रात की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब के मजीठा विधानसभा क्षेत्र के गांवों भंगाली, धरीएवाल और मराडी कलां में जहरीली शराब ने तांडव मचा दिया। जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत हो गई। हादसा सोमवार देर रात हुआ। 14 लोगों की मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह पंजाब में तीन साल में चौथी बड़ी जहरीली शराब त्रासदी है।
एसएसपी अमृतसर मनिंदर सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि नकली शराब पीने से लोगों की मौत हो रही है। हमने तुरंत कार्रवाई की और चार लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने मुख्य सप्लायर परबजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में किंगपिन सप्लायर साहब सिंह के बारे में पता लगाया। उसे भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब जांच कर रही है कि उसने किन–किन कंपनियों से यह शराब खरीदी है। हमें पंजाब सरकार की तरफ से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नकली शराब के सप्लायरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। छापेमारी जारी है। निर्माताओं को जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा। सख्त धाराओं के तहत दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। नागरिक प्रशासन और हम घर–घर जाकर पता लगा रहे हैं कि किसने नकली शराब पी है ताकि और लोगों की जान बचाई जा सके। 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 6 लोग अभी अस्पताल में भर्ती हैं। यह घटना पांच गांवों में हुई।


