नई दिल्ली। गांधी जयंती पर बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने स्कूल के बच्चों के साथ झाड़ू लगाई। उन्होंने सभी से स्वच्छता अभियान में भागीदार बनने की अपील करते हुए कहा कि गंदगी के प्रति नफरत ही हमें स्वच्छता के लिए मजबूर करेगी। आज से 10 साल पहले स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत हुई थी। इस अवसर पर पीएम ने स्वच्छता से संबंधित 9600 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
स्वच्छता ही सेवा 2024 कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिस भारत का सपना गांधी जी और देश की महान विभूतियों ने देखा था, वो सपना हम सब मिलकर पूरा करें। आज का दिन हमें ये प्रेरणा देता है। आज 2 अक्टूबर के दिन मैं कर्तव्यबोध से भी भरा हुआ हूं और उतना ही भावुक भी हूं। आज स्वच्छ भारत मिशन की यात्रा 10 साल के मुकाम पर पहुंच चुकी है। पीएम मोदी ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के 15 दिनों में देशभर में 27 लाख से ज्यादा कार्यक्रम हुए, जिनमें 28 करोड़ से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। निरंतर प्रयास करके ही हम अपने भारत को स्वच्छ बना सकते हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
- World Environment Day: PM मोदी का बड़ा संदेश, ग्रीन इंडिया को लेकर कही अहम बात
- Subhash Kashyap Death News: PM Modi समेत देश के शीर्ष नेताओं ने जताया शोक
- पीएम मोदी ने दी बकरीद की मुबारकबाद, कहा- “देश में भाईचारा और खुशियां हों मजबूत”
- स्वीडन ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, विश्व मंच पर बढ़ा भारत का गौरव
वाटर और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनेंगे
पीएम मोदी ने कहा कि आज स्वच्छता से जुड़े करीब 10 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स की भी शुरुआत हुई है। मिशन अमृत के तहत देश के अनेक शहरों में वॉटर और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे। नमामि गंगे से जुड़ा काम हो या फिर कचरे से बायोगैस पैदा करने वाले गोबरधन प्लांट, ये काम स्वच्छ भारत मिशन को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकसित भारत की यात्रा में हमारा हर प्रयास स्वच्छता से संपन्नता के मंत्र को मजबूत करेगा। गंदगी के प्रति नफरत ही हमे स्वच्छता के लिए मजबूर कर सकती है और मजबूत भी कर सकती है।


