इंदौर। शहर में लंबे समय से चल रहे जल संकट में अब सीएम डॉ.मोहन यादव की एंट्री हो गई है। रविवार को सीएम यादव ने संभागायुक्त कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर इंदौर के जल संकट की स्थिति की समीक्षा की। सीएम यादव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश भी दिए।
हर दिन सुबह-शाम हो समीक्षा
सीएम यादव ने अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि 24×7 जल नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्रतिदिन सुबह एवं शाम जलापूर्ति की समीक्षा की जाए। संकटग्रस्त वार्डों में विशेष जलापूर्ति योजना लागू कर प्रभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर राहत प्रदान की जाए।
👉 यह भी पढ़ें:
- पानी की बूंद-बूंद के लिए तड़प रहा शहर, नगर निगम के जलकार्य प्रभारी बबलू शर्मा ‘लापता’
- डेली कॉलेज बोर्ड में हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश काकडे और अतिरिक्त महाधिवक्ता राहुल सेठी की एंट्री, सरकार ने जारी किया आदेश
- थोड़ी तो शर्म करो जिम्मेदारों : पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही जनता और आप बेच रहे हो पानी
- महापौर ने कहा-2013 से 2020 तक नहीं हुआ नर्मदा का पानी लाने का कोई प्रयास, इसीलिए हो रही परेशानी
सभी क्षेत्रों में संतुलित जल वितरण हो
सीएम यादव ने नल सप्लाई के समय में असमानता एवं विसंगतियों को तत्काल दूर करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी क्षेत्रों में संतुलित जल वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शासकीय महाविद्यालयों, छात्रावासों एवं अन्य आवासीय संस्थानों में जल उपलब्धता की विशेष चिंता करने के निर्देश दिए।
जल चोरी के लिए चलाएं विशेष अभियान
सीएम यादव ने साथ ही जल चोरी एवं मोटरों के माध्यम से अवैध रूप से पानी खींचने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने को कहा। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि वे बड़ी जल टंकियों का पूर्ण क्षमता से उपयोग सुनिश्चित किया जाए। निजी एवं नगर निगम के टैंकरों की मिनट-टू-मिनट मॉनिटरिंग की जाए तथा पाइपलाइन लीकेज एवं वितरण हानि को तत्काल सुधारकर जल की बर्बादी रोकी जाए।
भोपाल से फिर आएंगे एसीएस
सीएम यादव ने कहा कि भोपाल से वरिष्ठ एसीएस स्तर के अधिकारी पूर्व में भी इंदौर का दौरा कर चुके हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें पुनः भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिक समितियों के साथ नियमित संवाद एवं समन्वय बनाए रखने तथा जल संकट की स्थिति से संबंधित निरंतर जानकारी एवं प्रतिवेदन मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े और नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने शहर में जल प्रदाय की जानकारी दी।
कई कार्यक्रमों में हुए शामिल
सीएम मोहन यादव रविवार को इंदौर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। मुख्यमंत्री रविवार को इंदौर में आयोजित भाजपा के ग्रामीण एवं शहरी जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा द्वारा जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, सिद्धांतों और संगठनात्मक मूल्यों से और अधिक जोड़ना है। इसके साथ ही उन्होंने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर सुशासन, जनसेवा और सांस्कृतिक गौरव की प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अहिल्याबाई ने न्याय, लोककल्याण और धर्म संरक्षण के आदर्श स्थापित किए, जो आज भी रामराज्य की भावना का अनुभव कराते हैं।


