प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया, घायलों से अस्पताल में की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अहमदाबाद पहुंचे और उस स्थान का निरीक्षण किया जहां गुरुवार को एयर इंडिया का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस भीषण हादसे के बाद उन्होंने सिविल अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और उनकी स्थिति की जानकारी ली।

गौरतलब है कि गुरुवार को एयर इंडिया का एक यात्री विमान, जो लंदन के लिए रवाना हुआ था, टेकऑफ़ के कुछ ही देर बाद अहमदाबाद के एक रिहायशी इलाके में गिर गया। इस दुर्घटना में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई। मृतकों में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर शामिल थे। हादसे में केवल एक यात्री—भारतीय मूल के एक ब्रिटिश नागरिक—ज़िंदा बच पाए।
इस दर्दनाक हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई, जिससे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने मीडिया को बताया, “लगभग सभी यात्रियों के शवों को निकाल लिया गया है। विमान में सवा लाख लीटर ईंधन होने के कारण तापमान इतना अधिक था कि किसी को बचाया जाना लगभग असंभव था।”


