पीएम मोदी दो दिवसीय गुजरात दौरे पर, करेंगे 5,400 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिन के लिए गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अहमदाबाद में 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी सोमवार शाम को एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
👉 यह भी पढ़ें:
- World Environment Day: PM मोदी का बड़ा संदेश, ग्रीन इंडिया को लेकर कही अहम बात
- Subhash Kashyap Death News: PM Modi समेत देश के शीर्ष नेताओं ने जताया शोक
- पीएम मोदी ने दी बकरीद की मुबारकबाद, कहा- “देश में भाईचारा और खुशियां हों मजबूत”
- स्वीडन ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, विश्व मंच पर बढ़ा भारत का गौरव

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, 26 अगस्त सुबह 10:30 बजे पीएम मोदी अहमदाबाद के हंसलपुर में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन का उद्घाटन करेंगे और 100 देशों को बैटरी इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्यात को हरी झंडी दिखाएंगे।
रेलवे क्षेत्र में भी पीएम मोदी कई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिनमें शामिल हैं:
- 65 किमी महेसाणा-पालनपुर रेल लाइन का दोहरीकरण (लागत ₹530 करोड़ से अधिक)
- 37 किमी कलोल-कडी-कटोसन रोड रेल लाइन (लागत ₹860 करोड़ से अधिक)
- 40 किमी बेचराजी-रानुज रेल लाइन का गेज परिवर्तन
सड़क परियोजनाओं में पीएम मोदी वीरमगाम-खुदाद-रामपुरा सड़क के चौड़ीकरण, अहमदाबाद-मेहसाणा-पालनपुर मार्ग पर छह लेन वाले वाहन अंडरपास और अहमदाबाद-वीरमगाम मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज का शिलान्यास करेंगे।
विद्युत क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री यूजीवीसीएल (उत्तर गुजरात विज कंपनी लिमिटेड) के अंतर्गत अहमदाबाद, मेहसाणा और गांधीनगर में विद्युत वितरण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
शहरी विकास के क्षेत्र में वह प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत रामापीर ने टेकरो, सेक्टर-3 में स्लम पुनर्वास परियोजना का उद्घाटन करेंगे। साथ ही सरदार पटेल रिंग रोड पर सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं, जल एवं सीवरेज प्रबंधन प्रणालियों और अन्य प्रमुख शहरी अवसंरचना परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
हरित ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में, पीएम मोदी टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी संयंत्र में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड उत्पादन की शुरुआत करेंगे। तोशिबा, डेंसो और सुजुकी के संयुक्त उद्यम के इस संयंत्र से अब भारत में 80% से अधिक बैटरी का घरेलू निर्माण संभव होगा, जिससे स्वच्छ ऊर्जा नवाचार और घरेलू विनिर्माण को गति मिलेगी।


