रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के किस्टाराम इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में जवानों ने एक नक्सली को मार गिया है। सुरक्षा बलों द्वारा अभी भी इस इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
सुकमा पुलिस के अनुसार जिले के किस्टाराम इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच कल 22 मई से रुक–रुक कर गोलीबारी जारी है। मुठभेड़ स्थल और आस–पास के इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान जारी है। गुरुवार को सुरक्षाबलों ने सुकमा बीजापुर सीमा में हुए मुठभेड़ में भी एक नक्सली को मार गिराया था। बता दें कि नक्सलियों के गढ़ बस्तर संभाग को नक्सलवाद से मुक्त कराने के लिए छत्तीसगढ़ में जवानों का अभियान जारी है। इस मुठभेड़ में और भी नक्सली ढेर हो सकते हैं। लगातार नक्सलियों का एनकाउंटर हो रहा है। इससे नक्सलियों के पैर उखड़ रहे हैं। नक्सल मोर्चे पर फोर्स को एक के बाद एक बड़ी कामयाबी मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि जवानों ने 21 मई को डेढ़ करोड़ रुपये के देश के सबसे बड़े इनामी खूंखार नक्सली बसवराजू समेत 27 नक्सलियों को मार गिराया। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच देश का यह सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन था। वहीं भारी संख्या में हथियार बरामद हुए।मुठभेड़ में दो जवान बलिदान हुए थे।


