नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा नेता पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि राहुल गांधी विदेशी शक्तियों के इशारे पर देश में अराजकता पैदा करके नरेंद्र मोदी सरकार को अस्थिर करने की साजिश रच रहे हैं। कई अन्य भाजपा नेताओं ने भी राहुल गांधी पर वार किया है।
उल्लेखनीय है कि नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की सलाहकार परिषद की बैठक में कथित तौर पर कहा था कि मोदी सरकार एक साल के भीतर गिर जाएगी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर लिखा कि राहुल गांधी का यह बयान एक बड़ी साजिश की तरफ इशारा करता है। इसमें कांग्रेस, कई विपक्षी दल और एक टूलकिट गैंग शामिल है, जो भारत को अस्थिर करने का सपना देख रहे हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
- राहुल गांधी बोले- मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार को न्याय का सामना करना होगा
- मेघालय विधानसभा में भाजपा की ताकत हुई दोगुनी, 8 UDP विधायकों का दलबदल मंजूर
- अभिजीत दीपके हिरासत में, ममता बनर्जी ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए
- राहुल गांधी का आरोप: दिल्ली पुलिस ने छात्रों पर हमले की FIR दर्ज करने से इनकार
- कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा- RSS के तंत्र वाली रिजीम बदलेंगे
- राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, दुष्यंत गौतम को राज्यपाल न बनने दें
देश में हिंसा भड़काने का प्रयास
पीयूष गोयल ने एक मीडिया रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि यह कोई साधारण बयान नहीं है। बल्कि, यह देश में अराजकता फैलाने के उद्देश्य से रची गई एक गंभीर साजिश है। गोयल नेआरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनके सहयोगी देश भर में हिंसा भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यह समझ आ गया है कि वे सीधे चुनावी मुकाबले में भाजपा को नहीं हरा सकते और न ही मोदी सरकार को हटा सकते हैं, क्योंकि देश की जनता प्रधानमंत्री का बेहद सम्मान करती है। गोयल ने निशाना साधते हुए कहा कि भारत के प्रति उनकी नफरत इतनी गहरी है कि वे देश में कुछ भी सकारात्मक होते हुए नहीं देख सकते।
संबित पात्रा ने भी साधा राहुल पर निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी राहुल गांधी के इस कथित बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने भाजपा सांसद के रूप में एक वीडियो संदेश जारी कर कांग्रेस नेता पर देश में दंगे भड़काकर मोदी सरकार को बेदखल करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। पात्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी के बयानों से यह पूरी तरह साफ है कि वह जॉर्ज सोरोस जैसे अपने आकाओं और उनकी विदेशी यात्राओं के लिए फंडिंग करने वाली विदेशी कंपनियों के इशारे पर विदेशी एजेंडा चला रहे हैं, जिसका मकसद भारत में लोकतंत्र को खत्म करना है।



