उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के खुर्जा में 25 अप्रैल की रात हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
बृहस्पतिवार सुबह सिकंदरपुर गांव के पास पुलिस और जीतू सैनी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उसे दो गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे जटिया अस्पताल लाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
👉 यह भी पढ़ें:
- लखनऊ में पति ने बैंक मैनेजर पत्नी को मारी गोली, फिर बहन को मारकर दे दी जान
- अंकिता भंडारी केस फिर चर्चा में: राहुल गांधी ने उठाए ‘VIP’ पर सवाल, परिवार को अब भी न्याय का इंतजार
- RG Kar case : गिरफ्तार पूर्व TMC विधायक निर्मल घोष पर थाने के बाहर हमला
- प्रशासन ने 85 वर्षीय पुष्पलता मंगल की इच्छा का रखा ध्यान, कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ने समाप्त किया प्रकरण
- बुलंदशहर एनकाउंटर में 50 हजार का इनामी मोनू ढेर, नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या केस में था वांछित; 2 पुलिसकर्मी घायल
- MP Crime: हाईवे हादसा नहीं निकला खौफनाक हत्याकांड! 5 मौतों की गुत्थी में 8 गिरफ्तार
मुठभेड़ के दौरान टीम प्रभारी मोहम्मद असलम और सिपाही मोहित मलिक भी गोली लगने से घायल हो गए, पुलिस अब जीतू सैनी के आपराधिक इतिहास की गहराई से जांच कर रही है।
इससे पहले बुधवार रात को भी पुलिस और दो अन्य आरोपी रिंकू सैनी उर्फ रिंकेश व भारत सैनी के बीच मुठभेड़ हुई थी। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस मुठभेड़ में रिंकू के दाएं और भारत के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से पुलिस ने अवैध हथियार, कारतूस और घटनास्थल के सीसीटीवी की डीबीआर बरामद की है। यह पूरी वारदात 25 अप्रैल की रात सुभाष मार्ग स्थित एक जिम में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई थी, जहां फायरिंग में तीन युवकों की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने बताया कि मामले में कई आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस टीम दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने वांछित आरोपियों—रवि सैनी, मनीष, अनुज, सौरभ उर्फ सिंटू और सोनू—की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। साथ ही, संदिग्ध ठिकानों और आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई से पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।



