महाकाल गर्भगृह में प्रवेश को लेकर अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति से 12 ज्योतिर्लिंग और 52 शक्तिपीठों के पुजारियों को अनुमति देने की मांग की है। महासंघ का कहना है कि देश के प्रमुख मंदिरों के अधिकृत पुजारियों को भी गर्भगृह में पूजन और दर्शन का अधिकार मिलना चाहिए।
महाकाल गर्भगृह में पुजारियों के लिए समान नियम की मांग
अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने मंदिर प्रबंध समिति को पत्र भेजकर कहा है कि जिस तरह अखाड़ों के संतों और महामंडलेश्वरों को महाकाल गर्भगृह में प्रवेश मिलता है, उसी तरह देशभर के 12 ज्योतिर्लिंग और 52 शक्तिपीठों के पुजारियों के लिए भी समान नियम लागू किए जाएं। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित महेश शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में पुजारियों के साथ भेदभाव हो रहा है।
👉 यह भी पढ़ें:
- उज्जैन में 1221 किसानों के नाम पर 4.67 करोड़ का फर्जी KCC लोन घोटाला
- उज्जैन में शोषण आरोपों के बीच संत समाज में सुधार और महिला नेतृत्व की मांग
- मोरारी बापू ने कहा- सनातन के विरोधियों का देवस्थानों में प्रवेश न हो
- उज्जैन के गंभीर डैम में केवल 27% पानी बचा, गर्मियों में जल संकट का खतरा
- उज्जैन: महाकाल मंदिर सुरक्षा परखने उतरे 150 एनएसजी कमांडो, मॉक ड्रिल रात 2 बजे तक
- महाअष्टमी पर उज्जैन में नगर पूजा, कलेक्टर ने माता को मदिरा का भोग लगाया

स्वघोषित संतों के दस्तावेज़ों की जांच का सवाल
महासंघ ने मंदिर प्रशासन से पूछा है कि जब स्वघोषित संतों और पीठाधीश्वरों को गर्भगृह में प्रवेश दिया जाता है, तो उनके दस्तावेज़, परंपराएं और मान्यताएं क्यों नहीं जांची जातीं। महासंघ का आरोप है कि वास्तविक तीर्थों के पुजारियों को नजरअंदाज किया जाता है, जबकि अन्य को आसानी से प्रवेश मिल जाता है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचाने की चेतावनी
महासंघ ने चेतावनी दी है कि अगर मंदिर प्रबंध समिति ने नीति में बदलाव नहीं किया, तो वे यह मुद्दा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के सामने उठाएंगे। साथ ही, महासंघ ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर गर्भगृह में वीआईपी संस्कृति और छूटों पर रोक लगाने तथा सभी धार्मिक गुरुओं और पुजारियों के लिए एक जैसी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
महासंघ का सुझाव: प्रमुख मंदिरों से हो शुरुआत
महासंघ के सचिव रूपेश मेहता ने कहा कि शुरुआत में 12 ज्योतिर्लिंग, चार धाम और 52 शक्तिपीठों के पुजारियों को प्राथमिकता के आधार पर गर्भगृह में प्रवेश दिया जा सकता है। उनका मानना है कि इन प्रमुख मंदिरों में सेवा देने वाले पुजारी सनातन परंपरा के महत्वपूर्ण अंग हैं और उन्हें भी सम्मान मिलना चाहिए।



