इंदौर। मध्यप्रदेश में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। इंदौर स्थित संभागीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला को राष्ट्रीय परीक्षण और अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (NABL) से मान्यता मिलने के बाद अब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने भी खाद्य पदार्थों के परीक्षण के लिए अधिसूचित कर दिया है। FSSAI की स्वीकृति के साथ ही अब इस प्रयोगशाला में निर्धारित खाद्य श्रेणियों के नमूनों की जांच की जा सकेगी। इससे इंदौर संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों में खाद्य नमूनों के परीक्षण की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
सीएम ने पिछले साल किया था लोकर्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 अक्टूबर 2025 को इंदौर स्थित संभागीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला का लोकार्पण किया था। इसके बाद प्रयोगशाला को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार करने और आवश्यक मान्यताएं प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी क्रम में 12 जून 2026 को प्रयोगशाला को NABL का मान्यता प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ, जो 11 जून 2028 तक वैध है। इसके बाद 3 सितंबर 2026 को FSSAI की अधिसूचना के लिए ऑडिट संपन्न हुआ और 5 नवंबर 2026 को प्राधिकरण ने प्रयोगशाला को अधिसूचित करने की स्वीकृति प्रदान कर दी। इसकी अधिसूचना भारत के राजपत्र में भी प्रकाशित हो चुकी है।
👉 यह भी पढ़ें:
- पतंजलि गाय के घी का एक बैच असुरक्षित, मध्यप्रदेश में बाजार से वापस लेने के आदेश
- आठ साल से उज्जैन के खाद्य विभाग में टिके हुए हैं बसंत दत्त शर्मा, पीएम से शिकायत भी बेअसर
- उज्जैन के दो खाद्य अधिकारियों के खिलाफ भोपाल में शिकायत, ईओडब्ल्यू जांच का हवाला
- सयाजी होटल से टूटा भरोसा, शादियों की बुकिंग कैंसिल, आखिर ऐसी स्थिति आई क्यों?
- लोगों के स्वास्थ्य से खेल रहा सयाजी होटल, जो नमूने फेल हुए उनसे शरीर को बड़ा नुकसान
- Kullu News: मिड-डे मील की खीर खाने के बाद 47 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, जांच शुरू
भोपाल की प्रयोगशाला पर कम होगा दबाव
अब तक खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा संग्रहित नमूनों की जांच की मुख्य जिम्मेदारी भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला पर थी। प्रदेश में राज्य स्तर पर उपलब्ध एकमात्र प्रयोगशाला होने के कारण खाद्य नमूनों के परीक्षण का अधिकांश भार इसी पर रहता था। इंदौर की प्रयोगशाला को FSSAI से अधिसूचना मिलने के बाद अब खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत इंदौर एवं आसपास के क्षेत्रों से संग्रहित नमूने यहां परीक्षण के लिए भेजे जा सकेंगे। इससे भोपाल की प्रयोगशाला पर निर्भरता और कार्यभार कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही नमूनों की जांच के लिए एक अतिरिक्त अधिसूचित केंद्र उपलब्ध होगा।
मानकों के अनुरूप विकसित की गई प्रयोगशाला
प्रयोगशाला में परीक्षण की गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक ISO/IEC 17025:2017 के अनुरूप आवश्यक प्रक्रियाएं विकसित की गई हैं। NABL की टीम ने 14 और 15 फरवरी 2026 को प्रयोगशाला का ऑडिट किया था। निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने के बाद इसे मान्यता प्रदान की गई। प्रयोगशाला में खाद्य पदार्थों की सूक्ष्म एवं सटीक जांच के लिए कई आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें एटॉमिक एब्जॉर्प्शन स्पेक्ट्रोमीटर (AAS), माइक्रोवेव डाइजेस्टर, फैट एनालाइजर, प्रोटीन एनालाइजर, डिजिटल ब्यूटिरो रिफ्रैक्टोमीटर, सेंट्रीफ्यूज, एनालिटिकल बैलेंस, मफल फर्नेस, पीएच मीटर और मेल्टिंग पॉइंट अपरेटस शामिल हैं।
इन खाद्य पदार्थों की हो सकेगी जांच
FSSAI की ओर से प्रयोगशाला को विभिन्न प्रमुख खाद्य श्रेणियों के परीक्षण की स्वीकृति दी गई है। इनमें दूध एवं दुग्ध उत्पाद, नमक, मसाले एवं कंडिमेंट्स, अनाज एवं अनाज उत्पाद, विविध खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ, तेल एवं वसा तथा चाय, कॉफी एवं चिकोरी शामिल हैं। इन श्रेणियों के अंतर्गत खाद्य नमूनों की जांच से खाद्य पदार्थों में मिलावट, अशुद्धता और निर्धारित मानकों के उल्लंघन की पहचान करने में सहायता मिलेगी।
मिलावट के खिलाफ कार्रवाई को मिलेगी गति
इंदौर की प्रयोगशाला के अधिसूचित होने से खाद्य सुरक्षा प्रशासन को नमूनों की जांच के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। खाद्य प्रतिष्ठानों, विनिर्माण इकाइयों, थोक एवं खुदरा विक्रेताओं सहित विभिन्न खाद्य कारोबार संचालकों से लिए जाने वाले नमूनों का परीक्षण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जा सकेगा। प्रयोगशाला से प्राप्त परीक्षण रिपोर्ट खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई करने में मददगार होगी। इससे मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के कारोबार पर नियंत्रण के प्रयासों को गति मिलेगी।



