इंदौर। स्वच्छता में पूरे देश में लगातार आठ बार नंबर वन आने वाला इंदौर दीपावली की रात प्रदूषण में देश ही नहीं विश्व में नाम रौशन करता नजर आया। लोगों ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी की तो महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भड़क गए। उन्होंने धर्म का चश्मा लगा लिया। महापौर जहां सनातनी त्योहार की बात सामने ले आए, वहीं मंत्री ईद और होली की चर्चा कर बैठे। शहर में प्रदूषण के लिए जिम्मेदार दोनों नेताओं ने एक तरह से अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा है।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से इंदौर को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका दावा है कि वे प्रदूषण विभाग के संपर्क में थे और AQI 230 से आगे नहीं बढ़ा। बाद में उन्होंने 230 से 250 तक प्रदूषण पहुंचने की बात कही। विजयवर्गीय ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोगों ने बढ़ा-चढ़ा कर आंकड़े पेश किए।
👉 यह भी पढ़ें:
- दो ग्राम कोकीन पकड़ने के मामले में आखिर किसे बचा रही इंदौर पुलिस, अब तक सिर्फ एक ही आरोपी, कार मालिक पर भी केस नहीं!
- BJP ने मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली-ईद बयान पर किया पलटवार, गौरव भाटिया का हमला
- कृष्णा गृह निर्माण संस्था की जमीन आवंटन में उलझा आईडीए, पूर्व और वर्तमान सीईओ को लोकायुक्त ने भेजा नोटिस
- वाह मंत्री जी, पहले भीड़ न जुटने की सूचना देकर सीएम को लेट करवाया, फिर उनके आने से पहले ही कर दी रैली रवाना!
- महापौर जी, चार साल बाद समझ आया, क्यों नहीं होते जनता के काम, अधिकारी नहीं सुनते तो आप क्या कर रहे थे?
- इस बार अक्टूबर में ही बोरिंग पर बैन, कलेक्टर ने जारी किए आदेश, क्या मानेंगे इंदौरी नेता?
मंत्री जी को याद आ गई ईद और होली
विजयवर्गीय ने अपने बयान में ईद और होली का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि ईद पर हजारों बकरे कटते हैं, उनका खून नदियों में जाता है, लेकिन उस समय कोई सवाल नहीं उठाता। होली पर गुलाल और पानी के इस्तेमाल को लेकर बातें होती हैं। उनका तर्क है कि पानी की बचत तो साल के 365 दिन होनी चाहिए। यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या एक समस्या का जवाब दूसरी समस्या का उदाहरण देकर दिया जा सकता है? यदि ईद पर पशु अपशिष्ट के निस्तारण में लापरवाही होती है तो उस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। यदि होली पर पानी की बर्बादी होती है तो उसे भी रोकना चाहिए। क्या इन मुद्दों के आधार पर दीपावली पर पटाखों से होने वाले वायु प्रदूषण पर सवाल उठाना गलत हो जाता है?
प्रदूषण के आंकड़ों के बीच जनता को दी बधाई
मंत्री विजयवर्गीय का यह कहना भी चर्चा का विषय है कि इंदौर में इतनी बड़ी संख्या में पटाखे फूटे, इसके लिए वे जनता को बधाई देते हैं। यहीं से विरोधाभास का सवाल खड़ा होता है। जब प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर विवाद है और हवा की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, तब पटाखे फोड़ने के लिए जनता को बधाई देने का संदेश आखिर क्या संकेत देता है? क्या स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश केवल सामान्य दिनों के लिए है? क्या दीपावली पर पटाखों की खपत और उनसे निकलने वाले धुएं को लेकर कोई जिम्मेदारी तय नहीं होनी चाहिए? दीपावली की खुशियों को AQI से नहीं नापना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की चिंता जरूर होनी चाहिए, लेकिन त्योहार के उत्साह और आनंद की तुलना प्रदूषण के आंकड़ों से नहीं करनी चाहिए।
महापौर भी धर्म को बीच में ले आए
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि दीपावली की खुशियों को AQI से नहीं नापना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की चिंता जरूर होनी चाहिए, लेकिन त्योहार के उत्साह और आनंद की तुलना प्रदूषण के आंकड़ों से नहीं करनी चाहिए। दीपावली रोशनी और पटाखों का त्योहार है। उन्होंने कहा कि इंदौरवासियों ने पूरे उत्साह और उमंग से दीपावली मनाई। धुएं और नमी से AQI बढ़ा। महापौर ने स्वीकार किया कि पटाखों के धुएं और वातावरण में नमी के कारण कुछ समय के लिए AQI बढ़ा था। उन्होंने तथाकथित पर्यावरण प्रेमियों से कहा कि सनातन के उत्सवों को हमेशा अलग नजरिए से देखने का प्रयास नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक दिन AQI बढ़ने से इंदौर की पहचान पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इंदौर स्वच्छता और एयर क्वालिटी में नंबर वन था और आगे भी रहेगा।
शहर की हवा स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी किसकी?
इंदौर की स्वच्छता की पहचान पूरे देश में है। लेकिन स्वच्छता का मतलब केवल सड़कों से कचरा हटाना नहीं, बल्कि शहर की हवा, पानी और पर्यावरण को साफ रखना भी है। सोशल मीडिया पर गलत आंकड़े फैलाए जा रहे हैं तो सरकार को प्रमाणों के साथ उनका खंडन करना चाहिए। लेकिन यदि प्रदूषण बढ़ा है तो उसे स्वीकार कर भविष्य के लिए ठोस कार्ययोजना भी सामने रखनी चाहिए। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से सवाल है कि क्या इंदौर की छवि पर सवाल उठाने वालों को जवाब देना ही प्राथमिकता है या शहर के नागरिकों को स्वच्छ हवा देना भी उतना ही जरूरी है? बड़ा सवाल यह है कि इंदौर को बदनाम करने की चिंता ज्यादा है या इंदौर की हवा को प्रदूषण से बचाने की?
जिन्हें कोस रहे, बैठकों में बुलाकर उन्हीं से लेते हैं राय
महापौर और मंत्री जिन पर्यावरणविदों पर इंदौर को बदनाम करने का आरोप लगा रहे हैं, उन्हीं को बैठकों में बुलाकर राय भी लेते हैं। शहर के किसी भी बड़े मुद्दे पर जब बैठक होती है तो आखिर इन्हें क्यों बुलाया जाता है? पर्यावरण की व्याख्या कर धर्म से जोड़ने के लिए तो आप दोनों ही काफी हो।
किशोर कोडवानी ने दिया जबलपुर का उदाहरण
सामाजिक कार्यकर्ता किशोर कोडवानी ने महापौर भार्गव से सवाल किया है कि क्या आपने यह कभी सोचा इंदौर-उज्जैन में जबलपुर से ज्यादा प्रदूषण क्यों हुआ। एमपी की ट्रिपल इंजन सरकार है। उज्जैन में सिंहस्थ का काम चल रहा है और इंदौर को आपने खोद रखा है। सर्वाधिक सीमेंट की सड़कें इंदौर में बनी हैं। ये सीमेंट की सड़कें चिकनी हो जाती है। इस पर धूल उड़ती है। पटाखे इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में एक समान ही जले। एक पटाखा जब कच्ची मिट्टी और धूल की सड़क पर फटता है तो धूल ज्यादा उड़ती है। साथ ही कोडवानी ने कहा कि आपने धर्म को जो बीच में लाया उसका मुझे ज्यादा दुख हुआ। आज भी देश के बड़े शहरों का आईक्यू लेवल नापेंगे तो इंदौर ऊपर ही मिलेगा।



