इंदौर। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के ठिकानों पर बुधवार सुबह लोकायुक्त पुलिस इंदौर की तीन टीमों ने एक साथ छापा मारा। छापे की कार्रवाई के बाद अब विभाग ने हिसाब जारी कर दिया है। लोकायुक्त को मैनेजर के यहां से 731 प्रतिशत की अनुपातहीन संपत्ति मिली है।
लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय ने बताया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति ग्राम नालछा में पदस्थ प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के निवास एवं अन्य अचल संपत्तियों पर सर्च कार्यवाही उपरांत सुबह की स्थिति के बाद अब हिसाब सामने आ गया है। वेतन से प्राप्त आय लगभग ₹25लाख एवं कृषि इत्यादि से प्राप्त आय 15 लाख अर्थात कुल आय 40 लाख की तुलना में 33261575/-₹ का अनुपातहीन व्यय पाया गया है। इस प्रकार कुल 731 प्रतिशत अनुपातहीन संपत्ति अभी तक की जांच में पाई गई है।
👉 यह भी पढ़ें:
मैनेजर के यहां क्या-क्या मिला
1) घर के सामान की इन्वेंट्री=1,22,69,200/- ₹
2) स्वर्ण आभूषण/रजत आभूषण/नकद राशि= 6,72,655/-₹
3) ग्राम नालछा स्थित मकान की इन्वेंट्री= 1,14,450/-₹
4) ग्राम सोडपुर स्थित पैतृक मकान में प्राप्त इन्वेंट्री= 6,35,340/-
20 वर्ष की नौकरी में खूब की कमाई
लोकायुक्त को सूत्रों से पता चला था कि शेरसिंह लगभग बीस वर्ष के सेवाकाल में अपनी वैद्य आय की तुलना में अनुपातहीन सम्पत्ति अवैध रूप से प्राप्त की है। आरोपी द्वारा .1520 हेक्टेयर भूखंड की बेनामी संपत्ति ग्राम सोडपुर नालछा जिला धार में क्रय की है जिस पर 2400 वर्ग फिट पर दो मंजिला भव्य भवन का निर्माण कराया है, भूखंड क्रय एवं निर्माण पर अनुमानित 97 लाख रूपये व्यय किया जाना पाया गया है। इतना ही नहं आरोपी द्वारा ग्राम नालछा में मांडव रोड़ सोडपुर तिराहे पर 1350 वर्ग फिट का भवन क्रय किया है जो व्यवसायिक उपयोग हेतु उपयोग किया जाता है जिस पर अनुमानित 20 लाख रुपए व्यय किया जाना पाया गया है।
पत्नी के नाम पर भी ली थी कृषि भूमि
आरोपी द्वारा अपनी पत्नी कविता ठाकुर के नाम से ग्राम सोडपुर, तहसील पीथमपुर, जिला धार में .645 हेक्टेयर कृषि भूमि क्रय की है, जिस पर अनुमानित 8 लाख रुपये व्यय किया जाना पाया गया है। इसके अलावा ग्राम मांडव, तहसील पीथमपुर, जिला धार में 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि क्रय की है, जिस पर अनुमानित 42 लाख रुपये व्यय किया जाना पाया गया है।
53 लाख की गाड़ियां और संयंत्र
आरोपी द्वारा JCB, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा TUV, ऑल्टो कार, बुलेट, कृषि यंत्र-संयंत्र आदि क्रय किए गए हैं जिन पर अनुमानित 53 लाख रुपए व्यय किया जाना पाया गया है। आरोपी के स्वामित्व में एक अन्य बेनामी भवन की जानकारी प्राप्त हुई है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है।
तीन टीमों ने मारा था छापा
यह कार्यवाही आरोपी के ग्राम सोड़पुर, ग्राम नालछा एवं ग्राम मांडव जिला धार स्थित ठिकानों पर एक साथ लोकायुक्त संगठन इंदौर की तीन अलग अलग टीम द्वारा की जा रही है। डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर, सचिन पटेरिया की अलग-अलग टीमों द्वारा ठिकानों पर सर्च कार्यवाही की गई। लोकायुक्त सर्च दल में एएसआई रहीम खान, प्रधान आरक्षक विजय कुमार, रणजीत द्विवेदी, प्रमोद यादव, विवेक मिश्रा, आशीष शुक्ला शामिल थे। इनके अलावा आरक्षक पवन पटोरिया, शैलेन्द्र सिंह बघेल, रामेश्वर निंगवाल, आदित्य सिंह भदौरिया, सतीश यादव, चन्द्रमोहन बिष्ट, कमलेश परिहार, आशीष नायडू, मनीष माथुर, श्रीकृष्ण अहिरवार को भी शामिल किया गया था।



