भोपाल। देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब से भरे वाहन को रोकने के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क के मुख्य सरगना राहुल जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। इसी मामले में देवास के सहायक जिला आबकारी अधिकारी को भी निलंबित कर दिया गया है।
टिमरनी से गुजरात जा रही थी शराब
जांच में पता चला कि शराब की खेप हरदा जिले के टिमरनी से गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस ने शराब से भरा आयशर वाहन भी पकड़ लिया है। मामले में इंदौर निवासी विजय राव को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि वाहन उपलब्ध कराने वाले रम सिंह चांगोड़ को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर की रात सूचना मिली थी कि आयशर वाहन क्रमांक MP-43 H4786 से बड़ी मात्रा में अवैध शराब टिमरनी से गुजरात ले जाई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कन्नौद के निर्देशन में चार टीमें गठित कर नाकाबंदी की गई। इस दौरान सांडलपुर फाटा स्थित नर्मदा ढाबे के सामने शराब से भरा वाहन खड़ा दिखाई दिया।
👉 यह भी पढ़ें:
- खातेगांव टीआई की हत्या में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का हाथ, हिरासत में लिए गए तीन संदिग्धों ने खोला राज
- चार महीने पहले मिल चुका था अवैध शराब नेटवर्क का सुराग, सागर में मौतों का होता रहा इंतजार!
- India Crime News: उड़ती फ्लाइट में इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश, यात्री हिरासत में; सुरक्षा पर उठे सवाल
- CJP ने दी सरकार को चेतावनी, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई नहीं रुकी तो फिर से धरने पर बैठ जाएंगे
- आबकारी नीति की बैठक में अवैध शराब का मामला, अधिकारियों की मिलीभगत से दो कंपनियां लगा रहीं एक हजार करोड़ का चूना
- हल्द्वानीः हिंसा प्रभावित इलाके में पैसे बांटने वाले संगठन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
तलाशी के दौरान टीआई पर चढ़ा दिया वाहन
खातेगांव थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पुरी ने वाहन चालक को नीचे उतरकर तलाशी देने के लिए कहा। इसी दौरान चालक ने कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की नीयत से वाहन उनके ऊपर चढ़ा दिया और शराब से भरी गाड़ी लेकर मौके से भाग गया। गंभीर रूप से घायल निरीक्षक दिलीप पुरी का उपचार के दौरान निधन हो गया। घटना में आरक्षक सोहन जाट को भी वाहन से कुचलने का प्रयास किया गया, जिसमें वह घायल हो गए।
तीन दुकानों से अवैध शराब सप्लाई का नेटवर्क
पुलिस की विवेचना में सामने आया है कि अवैध शराब तस्करी का नेटवर्क कई लोगों के जरिए संचालित किया जा रहा था। वाहन चालक गजेन्द्र उर्फ अक्कु रावत अलीराजपुर का निवासी है। उसे वाहन अलीराजपुर निवासी रम सिंह चांगोड़ ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने रम सिंह को अभिरक्षा में लिया है।
मनीष और मोहिन की है हिस्सेदारी
जांच में यह भी सामने आया कि शराब का ठेका बड़वानी निवासी पाटेन्द्र जायसवाल के नाम पर है। इसमें राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और मोहिन जायसवाल की 30-30 प्रतिशत तथा पाटेन्द्र जायसवाल की 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, टिमरनी निवासी राहुल जायसवाल पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना है। वह तीनों दुकानों से अवैध शराब की सप्लाई का नेटवर्क संचालित करता था। पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया है।
पांच जिलों में पुलिस की दबिश
घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर शराब से भरे वाहन को पकड़ लिया। मामले में खातेगांव थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 109(1), 121(2), 3(5) और आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच जिलों में पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक देवास ने फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
मुख्यमंत्री ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशेष पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी सहित तीन निलंबित
घटना के बाद हरदा जिले के टिमरनी वृत्त में पदस्थ सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमर सिंह बघेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रथम दृष्टया कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं निगरानी में शिथिलता पाए जाने पर की गई है। बघेल के अलावा आरक्षक अरुण कुमरे तथा कृष्णपाल सिंह डोडियार को भी निलंबित किया गया है। कलेक्टर हरदा द्वारा लाइसेंसी पाटेन्द्र जायसवाल की टिमरनी स्थित तीन मदिरा दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए थे।



