द राजा साब’ सॉन्ग लॉन्च में मचा हड़कंप: भीड़ में फंसीं निधि अग्रवाल, सुरक्षा पर उठे सवाल
प्रभास की आने वाली फिल्म ‘द राजा साब’ के सॉन्ग लॉन्च के मौके पर पूरी स्टारकास्ट मौजूद थी, लेकिन यह भव्य इवेंट उस वक्त चर्चा में आ गया जब अभिनेत्री निधि अग्रवाल कार्यक्रम के बाद भीड़ में फंस गईं। हैदराबाद में हुए इस प्रमोशनल इवेंट के दौरान हालात अचानक बेकाबू हो गए, जिससे सेलेब्रिटीज की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इवेंट खत्म होते ही जैसे ही निधि अग्रवाल वेन्यू से बाहर निकलीं, भारी संख्या में मौजूद लोग उनके बेहद करीब आ गए। कोई सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था तो कोई वीडियो बनाने में जुटा था। देखते ही देखते भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि अभिनेत्री को अपनी कार तक पहुंचने में कितनी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। चारों तरफ से घिरी निधि अग्रवाल के चेहरे पर घबराहट साफ झलक रही थी। उनकी कार भी भीड़ के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही थी।
आखिरकार सुरक्षा कर्मियों ने घेरा बनाकर किसी तरह अभिनेत्री को सुरक्षित कार तक पहुंचाया। जैसे ही निधि कार में बैठीं, उनके चेहरे पर राहत के साथ-साथ असहजता भी साफ दिखाई दी। इस घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है और इवेंट्स में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


