भोपाल। दतिया से टिकट कटने के बाद पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की चारों ओर से निराशा ही हाथ लग रही है। भोपाल में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और सीएम डॉ.मोहन यादव के साथ बैठक में भी कोई आश्वासन नहीं मिला। इसके बाद वे बड़ी उम्मीद लेकर रविवार को दिल्ली गए थे, लेकिन वहां से भी खाली हाथ ही लौटना पड़ा।
दिल्ली में किससे हुई मुलाकात नहीं बताया
नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया की दिल्ली में उनकी कई बड़े नेताओं से मुलाकात हुई है, लेकिन उन्होंने किसी का नाम नहीं बताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के बारे में पूछने पर कहा कि जब उनसे मीटिंग होगी तो आप सभी को बताऊंगा।
👉 यह भी पढ़ें:
- पतंजलि गाय के घी का एक बैच असुरक्षित, मध्यप्रदेश में बाजार से वापस लेने के आदेश
- इंदौर एलिवेटेड कॉरिडोर पर हाईकोर्ट में अंतिम सुनवाई पूरी, अब अंतिम आदेश का इंतजार
- अमित शाह कर गए टीम मोहन यादव की तारीफ, कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की बात के लगने लगे सियासी मायने
- भोपाल में बोले अमित शाह -2029 तक नशामुक्त होगा मध्यप्रदेश, डेयरी और न्याय व्यवस्था पर जोर
- कैलाशजी, मंत्रिमंडल की बैठक में आप खुद ही नहीं जाते, फिर सीएम क्या आपके घर आकर बात करें या फिर हर दिन फोन लगाएं?
- सिर्फ मीडिया में बयान देने से कुछ नहीं होगा उमंग सिंघारजी, विपक्ष का धर्म निभाइए, मैदान में जाइए
अमित शाह दिल्ली में नहीं थे
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात को लेकर नरोत्तम मिश्रा ने साफ किया है उनसे मुलाकात नहीं हुई है। मिश्रा ने कहा कि गृहमंत्री जी दिल्ली में नहीं हैं। इसलिए उनसे मिलने का समय ही नहीं मांगा गया था। उन्होंने कहा कि मैं अचानक दिल्ली नहीं आया हूं। मेरा दिल्ली आना पहले से ही निर्धारित था।
पार्टी का स्थान सबसे ऊंचा
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह अब स्पष्ट हो चुका है कि किसी भी व्यक्ति का कद पार्टी से बड़ा नहीं होता। टिकट न मिलना इस बात का जवाब है कि कोई भी पार्टी से ऊपर नहीं है। पार्टी का स्थान बहुत ऊंचा है और वह दूरगामी दृष्टि रखती है। पार्टी के इस निर्णय को पूर्ण सम्मान के साथ स्वीकार करना और संगठन के लिए काम करना ही हमारा एकमात्र उद्देश्य है। मैं एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा। मुझे टिकट क्यों नहीं मिला इसके लिए मैं किसी को दोष नहीं दूंगा। खुद आत्ममंथन करूंगा।
आशुतोष तिवारी को बताया अच्छा नेता
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आशुतोष तिवारी बहुत अच्छे नेता हैं। उन्होंने कहा कि दतिया से उनकी जीत पक्की है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मैं उनके नामांकन में शामिल रहूंगा। दतिया में बीजेपी की जीत होगी।
सीएम आवास की मीटिंग पर भी लीपापोती
शनिवार रात सीएम आवास पर नरोत्तम मिश्रा की मीटिंग हुई थी, इसमें क्या चर्चा हुई, इसका खुलासा उन्होंने नहीं किया। सिर्फ इतना बताया कि इस मीटिंग में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री के साथ मीटिंग हुई है। इस मीटिंग में दतिया उपचुनाव में जीत हासिल कैसे करनी है इसे लेकर चर्चा की गई है।
भाजपा में जन्मा, यहीं मरूंगा
नरोत्तम मिश्रा ने साफ किया कि वह कहीं भी नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई तरह की अफवाहें उड़ रही हैं कि मैं इधर जा रहा हूं मैं उधर जा रहा हूं तो चीजें क्लियर कर दूंगा। उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा बीजेपी में जन्में हैं और बीजेपी में ही मरेंगे। यहां वहां कहीं भी जाने का कोई सवाल ही नहीं है।



