कोलकाता। पश्चिम बंगाल चुनाव का परिणाम 4 मई को आया था, तब से वहां हिंसा जारी है। बंगाल के कई इलाकों से भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत की खबरें आ रही हैं। गुरुवार को हावड़ा के शिवपुर स्थित चौराबस्ती इलाके में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है।
झोपड़ियों में हुए बम धमाके
हावड़ा के शिवपुर में बम धमाके और तनाव की खबर से दहशत फैल गई है। टीएमसी और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत के बाद आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों में बम धमाके हुए, ईंटें बरसीं। इस हिंसा के बाद इलाके को शांत करने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस की टीम और आरएएफ तैनात की गई है।
👉 यह भी पढ़ें:
- एक्शन में सुवेंदु : लाउडस्पीकर से लेकर चुनावी हिंसा तक, जारी किए कड़े आदेश
- सुवेंदु कैबिनेट की पहली बैठक में कई बड़े फैसले, आयुष्मान भारत योजना लागू, आज से बीएनएस के तहत दर्ज होंगे केस
- सुवेंदु अधिकारी के सीएम बनने पर बोले संजय राउत-भ्रष्ट व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने की परंपरा
- बंगाल की जनता को पीएम मोदी का नमन, पहली बार बंगाल में पूरा हुआ भाजपा का सपना, सुवेंदु अधिकारी ने ली सीएम पद की शपथ
दुकानों में भी हुई तोड़फोड़
इस घटना में दुकानों में तोड़फोड़ की कोशिश की गई। भाजपा ने तृणमूल पर हिंसा का आरोप लगाया। कई लोग घायल हैं। कथित तौर पर दो राउंड गोलियां चलाई गईं और सात देसी बम फटने की भी बात सामने आई है।
पुलिस ने कहा-जल्द करेंगे गिरफ्तारी
हावड़ा नगर पुलिस आयुक्त अखिलेश चतुर्वेदी ने बताया कि शिवपुर के चौराबस्ती इलाके में राजनीतिक झड़प हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। इस घटना में शामिल सभी व्यक्तियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
भाजपा ने टीएमसी नेता पर लगाया आरोप
भाजपा का आरोप है कि इलाके के तृणमूल नेता शमीम अहमद के नेतृत्व में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान ईंट-पत्थर फेंके गए और बमबाजी भी की गई। घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिवपुर थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया।


