कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हुगली में सोमवार को टीएमसी सांसद मिताली बाग की कार पर हमला हुआ है। टीएमसी ने भाजपा पर इस हमले का आरोप लगाया है। हमले में कार के शीशे टूट गए और सांसद व ड्राइवर को चोट आई है।
बताया जाता है कि हमला उस वक्त हुआ, जब मिताली बाग गोगहाट से आरामबाग में अभिषेक बनर्जी के रोड शो में शामिल होने जा रही थीं। हमले में कार के शीशे टूट गए। सांसद और उनके ड्राइवर को चोट आई है। दोनों को आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
👉 यह भी पढ़ें:
- पीएम मोदी ने बंगाल के लोगों के नाम लिखा पत्र- अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए
- बंगाल में बोले यूपी के सीएम योगी-4 मई के बाद सड़कों पर पंचर बनाएंगे टीएमसी के गुंडे
- पश्चिम बंगाल के बैरकपुर की रैली में बोले पीएम मोदी-अब मैं सीधे शपथ ग्रहण समारोह में आऊंगा
- बंगाल पहुंचे केजरीवाल, कहा-भाजपा आ गई तो दीदी ने जो कुछ किया, सब रोक देगी
फूट-फूट कर रो पड़ीं सांसद बाग
हमले के बाद कैमरे के सामने मिताली बाग फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि मेरी गाड़ी की हालत देखिए। उन लोगों ने बड़े-बड़े पत्थर फेंके। मैं किसी तरह जान बचाकर निकली हूं। टीएमसी ने अपने ट्वीट में कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने धमकी दी थी कि जो भी घर से बाहर निकलेगा, उसे उल्टा लटका दिया जाएगा। उसी के बाद यह हमला हुआ।
फेसबुक से लाइव कर दी जानकारी
सांसद मिताली बाग ने भी फेसबुक लाइव के दौरान दावा किया कि अरामबाग में उनके चुनाव प्रचार के दौरान उनकी कार पर हमला किया गया। फेसबुक लाइव वीडियो में मिताली बाग ने कहा कि प्रचार के दौरान उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि हमले में लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया और इसके पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ बताया जा रहा है
टीएमसी ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
टीएमसी ने इसे एक निर्वाचित प्रतिनिधि, खासकर अनुसूचित जाति समुदाय से आने वाली महिला सांसद पर कायरतापूर्ण हमला बताया। पार्टी का दावा है कि उसके सांसद पर हमला किया गया और उनकी गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया। टीएमसी ने अपने बयान में कहा कि भाजपा चुनावी हार के डर से हिंसा का रास्ता अपना रही है। पार्टी के मुताबिक, राजनीतिक रणनीति के बजाय भाजपा ‘हिंसा, डराने-धमकाने और गुंडागर्दी’ पर उतर आई है। तृणमूल कांग्रेस ने यह भी कहा कि अगर बिना सत्ता के भाजपा इस तरह के कदम उठा सकती है, तो सत्ता मिलने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।


