चंडीगढ़। राघव चड्ढा सहित सात सांसदों के पार्टी छोड़ने पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने जमकर निशाना साधा है। एक्स पर उन्होंने पंजाबी में लिखा-अदरक, लहसुन, जीरा, मेथी पाउडर, लाल मिर्च, काली मिर्च और धनिया – ये 7 चीजें मिलकर सब्जी का स्वाद बेहतरीन बनाते हैं, लेकिन अपने आप में ये सब्जी नहीं बन सकते। जो गद्दार थे, वे खुद ही चले गए
मान ने कहा कि सत्ता साजिशों से नहीं बल्कि लोगों के दिलों पर राज करके मिलती है और जो गद्दार थे वे खुद ही चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बेअदबी विरोधी कानून लागू होने के बाद से भाजपा लगातार उन्हें और उनकी सरकार को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
👉 यह भी पढ़ें:
धोखा देने वालों को पंजाब के लोग देंगे जवाब
मान ने कहा कि धोखा देने वाले सांसदों को पंजाब के लोग जवाब देंगे और भाजपा का राज्य में कोई ठोस आधार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बदले की भावना से काम कर रही है और डराने धमकाने लालच देने और दल-बदल के जरिए आप सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने भाजपा को बार-बार नकारा है और अब भी जनता सब देख रही है।
पंजाब में भाजपा जनाधार नाममात्र
सीएम मान ने कहा कि भाजपा का पंजाब में जनाधार नाममात्र का है इसलिए वह ऐसी सियासी चालें चल रही है। आप की ताकत आम लोग हैं और पार्टी अपने सिद्धांतों व क्रांतिकारी सोच के आधार पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग विश्वासघात करने वालों को कभी माफ नहीं करते और इतिहास गवाह है कि जिन्होंने भी जनता को धोखा दिया वे राजनीति से खत्म हो गए।
भाजपा का असली नाम कड्डे-छड्डे पार्टी
सीएम ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उसका असली नाम कड्डे छड्डे पार्टी होना चाहिए क्योंकि वह अपनी वॉशिंग मशीन से दूसरी पार्टियों के नेताओं को साफ करने का दावा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ दूसरी पार्टियों को तोड़ना जानती है क्योंकि उसके पास भरोसेमंद नेतृत्व की कमी है। मान ने कहा कि भाजपा ने देशभर में कई दलों को तोड़ने की कोशिश की।


