अहमदाबाद। आईपीएल 2026 के तहत सोमवार को खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रनों से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए थे। मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने 101 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके जवाब में गुजरात की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 100 रनों पर पूरी टीम पवेलियन लौट गई।
तिलक वर्मा ने 45 गेंदों में 101 रन बनाए
जीटी ने टॉस जीतकर नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच के अनुरूप गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी क्विंटन डी कॉक और विदर्भ क्रिकेट टीम के शानदार बल्लेबाज दानिश मालेवार के साथ धमाकेदार शुरुआत की उम्मीद की थी, लेकिन दुर्भाग्यवश वह अपने शुरुआती कुछ विकेट नहीं बचा पाई। दानिश मालेवार दूसरे ओवर में रबाडा की गेंद पर सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। क्विंटन डी कॉक तब आउट हुए जब मुंबई इंडियंस का स्कोर 25 रन था और सूर्यकुमार यादव का तीसरा विकेट 44 रन के कुल स्कोर पर गिरा। पावर प्ले खत्म होने से पहले ही मुंबई इंडियंस ने अपने 3 विकेट गंवा दिए। दूसरी ओर नमन धीर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को अच्छा स्कोर बनाने में मदद की। तिलक वर्मा आज मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी रहे, उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में असाधारण प्रदर्शन किया और अंत तक बिना आउट हुए शतक बनाया। गुजरात टाइटन्स के रबाडा ने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए अपने 4 ओवरों में सिर्फ 33 रन देकर 3 विकेट लिए। मुंबई इंडियंस ने 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 199 रन बनाए।
100 रनों पर ही सिमट कर रह गई गुजरात
200 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए उतरी जीटी की टीम बिल्कुल भी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। टीम का कोई भी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। साई सुदर्शन 0 रन पर आउट हुए, कप्तान शुभमन गिल 14 रन, जॉस बटलर 5 रन, ग्लेन फिलिप्स 6 रन, तेवतिया 8 रन। वॉशिंगटन सुंदर इन सबसे अच्छे साबित हुए, उन्होंने 26 रन बनाए। 15.5 ओवर में 100 रन बना के पूरी टीम आउट हो गई और मुंबई इंडियंस ने 99 रन से जीत हासिल की। होम ग्राउंड पर जीटी की यह अभी तक सबसे बड़ी हार है।


