अगर आप आने वाले दिनों में बिहार की ओर ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। दानापुर मंडल में रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए नेऊरा-जटडुमरी रेल लाइन पर विशेष तकनीकी कार्य किया जा रहा है। यह कार्य 18 अप्रैल से 26 अप्रैल तक चलेगा, जिसके चलते कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, कई के मार्ग बदले गए हैं और कुछ के समय में बदलाव किया गया है।
इन ट्रेनों को किया गया रद्द
26 अप्रैल को पटना-डीडीयू मेमू एक्सप्रेस, डीडीयू-पटना मेमू एक्सप्रेस, पटना-डीडीयू पैसेंजर, पटना-आरा पैसेंजर और डीडीयू-बक्सर पैसेंजर नहीं चलेंगी। वहीं 25 अप्रैल को पटना-सासाराम पैसेंजर और 26 अप्रैल को सासाराम-पटना पैसेंजर भी रद्द रहेंगी।
इन ट्रेनों के बदले गए मार्ग
25 अप्रैल को नई दिल्ली-राजेन्द्रनगर, इंदौर-पटना, अजमेर-भागलपुर, ओखा-गुवाहाटी, लोकमान्य तिलक-डिब्रूगढ़ और सूरत-भागलपुर जैसी कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग की जगह डीडीयू-गया-जहानाबाद-पटना के रास्ते चलेंगी।
इसी दिन कामाख्या-दिल्ली एक्सप्रेस को पटना-जहानाबाद-गया-डीडीयू मार्ग से चलाया जाएगा।
दिल्ली-कामाख्या और आनंद विहार-मालदा टाउन एक्सप्रेस को डीडीयू-गया-तिलैया-किउल मार्ग से संचालित किया जाएगा।
26 अप्रैल को पटना-सीएसएमटी मुंबई एक्सप्रेस का मार्ग भी बदलकर पटना-जहानाबाद-गया-डीडीयू कर दिया गया है।
इन ट्रेनों के समय में बदलाव
कई ट्रेनों के संचालन समय में भी बड़ा बदलाव किया गया है। दानापुर-बक्सर और बक्सर-पटना पैसेंजर ट्रेनें 45 से 110 मिनट तक देरी से चलेंगी। पाटलिपुत्र-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, बनारस-पटना एक्सप्रेस, वास्को डी गामा-पटना एक्सप्रेस और नई दिल्ली-राजेन्द्रनगर अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में 30 मिनट से लेकर 180 मिनट तक की देरी हो सकती है।
इसके अलावा 26 अप्रैल को कई ट्रेनों जैसे भभुआ रोड-पटना एक्सप्रेस, डीडीयू-पटना मेमू, गोड्डा-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, दानापुर-आनंद विहार एक्सप्रेस, पटना-सासाराम पैसेंजर और दानापुर-बेंगलूरु विशेष ट्रेन में 70 से 300 मिनट तक की देरी की संभावना है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।


