रांची। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को झारखंड के विश्रामपुर विधानसभा में एक सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक–एक बांग्लादेशी को झारखंड की धरती से निकालेंगे। आदिवासी बहनों के साथ ये बांग्लादेशी विवाह कर उनकी जमीन पर अधिकार चाहते हैं। उनसे पैदा होने वाली संतान को कोई भी आदिवासी अधिकार नहीं दिया जाएगा।
नड्डा ने झारखंड में भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सोरेन बरी नहीं हुए वे बेल पर हैं। यह सरकार चोरों का साथ देने वाली सरकार है। यह आदिवासियों के अधिकारों पर डाका डालने वाली सरकार है। इन्होंने आपके साथ छल किया, आपके साथ धोखा किया। इन्होंने आपको रोजगार, पेंशन, रोजगार भत्ता देने के लिए कहा था कि नहीं कहा था। मिला किसी को? कहा था कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हम उनकी आर्थिक मदद करेंगे, लेकिन किसी को मदद नहीं दी। यह झूठ बोलने वाली सरकार है।
नेता और अफसर जेल में या बेल में
नड्डा ने कहा कि इनके नेता व अफसर या तो जेल में हैं या बेल में हैं। इनके अफसरों के घरों से और उनके चार्टड एकाउंटेंटों के घरों से 25-30 करोड़ निकला है। नड्डा ने कहा कि झारखंड का कांग्रेस का एक एमपी के घर से 322 करोड़ रुपए निकले। गिनने में एक हफ्ता लग गया। इनके एक मंत्री के पीए के घर से 22 करोड़ रुपए। यह पूरी सरकार ही भ्रष्ट है।


