लेबनानी सेना ने दावा किया है कि इजराइल के साथ हुए संघर्ष विराम समझौते का कई बार उल्लंघन किया गया है। सेना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से बताया कि उसने लेबनान के गांवों पर इजराइल के कई हमलों को दर्ज किया है।
सेना के अनुसार, इजराइली पक्ष की ओर से रुक-रुक कर कई बार गोलीबारी भी की गई। हालात को देखते हुए लेबनानी सेना ने विस्थापित लोगों से अपील की है कि वे दक्षिणी इलाकों में लौटते समय सतर्क रहें और खतरनाक स्थानों से दूरी बनाए रखें।
संघर्षविराम की घोषणा के बाद, जो लोग अपने घरों से बेघर हो गए थे, वे अब वापस लौटने लगे हैं। इस बीच, लेबनान के कई हिस्सों में लोगों ने इस समझौते के बाद जश्न भी मनाया।
हालाँकि इजराइल या उसकी सेना की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। समझौते के बाद इजराइल ने ये जरूर कहा था कि वह केवल हिजबुल्लाह के हमलों के जवाब में ही सैन्य कार्रवाई करेगा।


