बेंगलुरु। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बुधवार को खेले गए मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जायंट्स को पांच विकेट से हरा दिया। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में जीत के बाद आरसीबी की यह चौथी जीत है।
आरसीबी के कप्तान रजत पटीदार ने टॉस जीता। उन्होंने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स 20 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। मिचेल मार्श ने 40, मुकुल चौधरी ने 39 और आयुष बडोनी ने 38 रन की पारी खेली। रसिख सलाम ने 4 ओवर में 4 विकेट चटकाए। भुवनेश्वर कुमार को 3 और कुणाल पांड्या को 2 सफलताएं मिलीं। इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुर ने कोहली और रजत की दमदार पारियों की बदौलत 29 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम किया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 15.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 149 रन बनाए। बेंगलुरु के लिए कोहली ने सर्वाधिक 49 रन बनाए। रन चेज के लिए मैदान पर उतरी बेंगलुरु ने 15.1 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर ली। टीम के लिए कोहली के अलावा कप्तान रजत पाटीदार ने 27 और जितेश शर्मा ने 23 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में योगदान दिया।


