इंदौर। इंदौर से मुंबई सेंट्रल के बीच तेज सुपर फास्ट ट्रेन शुरू की जा रही है। 23 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रायोगिक तौर पर इसका संचालन होगा। इसकी बुकिंग 21 जुलाई से शुरू हो रही है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो भविष्य में इसे स्थाई किया जा सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन ( संख्या 09085) हर मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को इंदौर से शाम पांच बजे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह सात बजे मुंबई पहुंचेगी। मुंबई सेंट्रल से यह ट्रेन रात को 11.20 बजे रवाना होगी, जो सुबह 11 बजे तक इंदौर पहुंचेगी। इंदौर से निकलने वाली स्पेशल ट्रेन का ठहराव सूरत, वड़ोदरा, दाहोद, रतलाम और उज्जैन रहेगा। एसी प्रथम श्रेणी, एसी 2-टियर व एसी-3 टियर कोच ट्रेन में रहेंगे। तेजस ट्रेन देश की तेज चलने वाली ट्रेनों में से एक है। यह 160 की स्पीड से चलती है। यह ट्रेन 14 घंटे में इंदौर से यात्रियों को मुंबई पहुंचाएगी। इस ट्रेन में फर्स्ट एसी, एसी 2-टियर एवं एसी 3-टियर कोच होंगे। ट्रेन संख्या 09085 एवं 09086 की बुकिंग 21 जुलाई से सभी पीआरएस काउंटरों एवं आईआरसीटीसी वेबसाइट पर प्रारंभ होगी।
बताया जाता है कि इसके किराए की जानकारी बुकिंग के दौरान ही पता चलेगी। रेलवे के सूत्र बताते हैं कि इंदौर से मुंबई के बीच एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया लगभग 2484 रुपए और एसी चेयर कार का किराया लगभग 1390 रुपए हो सकता है। वहीं, मुंबई से इंदौर के बीच एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया करीब 2454 रुपए और एसी चेयर कार का 1394 रुपए रहने की संभावना है।


