कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद भी सीएम ममता बनर्जी इस्तीफा न देने के जिद पर अड़ी हुई हैं। इस बीच बंगाल में नई सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 17वीं पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो रहा है। इस समय सीमा से पहले पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने बुधवार को गवर्नर आर.एन. रवि से मुलाकात कर उन्हें आधिकारिक गजट नोटिफिकेशन सौंपा। इस दौरान चुनाव आयोग के उच्च-अधिकारी भी वहां मौजूद थे।
सीईओ ने कहा-अब राज्यपाल निर्णय लेंगे
लोकभावन से बाहर निकलकर सीईओ मनोज कुमार अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि वे विशेष रूप से गजट नोटिफिकेशन सौंपने गए थे। गवर्नर इस दस्तावेज के आधार पर आगे के फैसले करेंगे। अग्रवाल ने कहा कि भारत के चुनाव आयोग की ओर से नोटिफिकेशन आज जारी किया गया था। मैं ठीक उसी दस्तावेज को सौंपने वहां गया था। गवर्नर ने कहा कि यह चुनाव रिकॉर्ड तोड़ रूप से शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने चुनाव आयोग, सीईओ के कार्यालय और चुनावी प्रक्रिया में शामिल अन्य सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
👉 यह भी पढ़ें:
- सुवेंदु कैबिनेट की पहली बैठक में कई बड़े फैसले, आयुष्मान भारत योजना लागू, आज से बीएनएस के तहत दर्ज होंगे केस
- यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार पर अखिलेश यादव ने साधा निशाना, कहा-समय बिताने के लिए करना है कुछ काम
- एक खांटी भाजपाई की नजर में खांटी कांग्रेसी अश्विन जोशी : दुश्मन -दुश्मन जो दोस्तों से भी प्यारा था
- सुवेंदु अधिकारी के सीएम बनते ही टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा-चुनावी संस्थाओं ने जनता का भरोसा तोड़ा
ममता के इस्तीफे पर नहीं की कोई टिप्पणी
ममता बनर्जी के इस्तीफा नहीं देने के सवाल पर मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग की भूमिका केवल चुनाव कराने और परिणाम अधिसूचित करने तक सीमित है। इसके आगे की प्रक्रिया पूरी तरह संविधान के तहत होती है। संविधान में जो लिखा है वही होगा। हमें कुछ कहने की जरूरत नहीं है। इस पर मेरी तरफ से कोई टिप्पणी नहीं। चुनाव आयोग की इसमें कोई भूमिका नहीं है।
9 मई को चल रही है शपथ ग्रहण की तैयारी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने बुधवार को बताया कि राज्य में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, शपथ समारोह में प्रधानमंत्री, एनडीए व भाजपा के सभी मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। दो दर्जन मंत्री भी शपथ लेंगे। तृणमूल कांग्रेस के बंगाली अस्मिता के मुद्दे की प्रभावी रूप से हवा निकालने के लिए भाजपा ने शपथ ग्रहण के लिए रवींद्रनाथ टैगौर की 165वीं जयंती को चुना है। इस दिन 25वां वैशाख है, जो बंगाली कैलेंडर के मुताबिक टैगोर जयंती है।
अमित शाह चुनेंगे बंगाल का मुख्यमंत्री
नए मुख्यमंत्री के चयन के लिए होने वाली विधायक दल की बैठक के लिए गृह मंत्री अमित शाह को मुख्य केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। भाजपा की प्रचंड जीत के सूत्रधार माने जाने वाले शाह के साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सह पर्यवेक्षक होंगे। अभी तक सीएम की रेस में सबसे आगे शुभेंदु अधिकारी का नाम है। गुरुवार को विधायक दल की बैठक में नेता का चुनाव होगा।


