लौटता मानसून मचा रहा तबाही: कई राज्यों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
आईएमडी का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 29 सितंबर तक गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, गोवा और कोंकण में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट, जबकि पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
👉 यह भी पढ़ें:
- मानसून की चाल पड़ी धीमी, बढ़ी किसानों की चिंता! अल-नीनो का खतरा, कम बारिश और भीषण गर्मी का डबल अटैक
- समय से पहले दस्तक देगा मानसून, अल-नीनो से घट सकती है बारिश
- धरती पर बढ़ता ताप का कहर: इतिहास का तीसरा सबसे गर्म अप्रैल, खतरे की सीमा के बेहद करीब दुनिया
- मतगणना का रोमांच: बंगाल में कांटे की टक्कर, असम में बढ़त, केरल में गठबंधन आगे

मानसून की वापसी के बावजूद तबाही
उत्तर-पश्चिम भारत से लौटते मानसून के कारण कई राज्यों में भारी बारिश से तबाही मची हुई है। गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं।
तेलंगाना की स्थिति
तेलंगाना में एक हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया है। राजधानी हैदराबाद में भारी बारिश के बाद मुसी नदी में बाढ़ आ गई है। हिमायतसागर और उस्मानसागर जलाशयों के दरवाजे खोलने के बाद नदी उफान पर है, जिससे चादरघाट पुल के पास सड़कें जलमग्न हो गईं और कई घरों में पानी घुस गया। महात्मा गांधी बस स्टेशन में पानी भर जाने के कारण बस सेवाएं बंद करनी पड़ीं।
कर्नाटक में बंद स्कूल-कॉलेज
कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में भारी बारिश और ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी के चलते शनिवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई।
राजस्थान में बारिश की चेतावनी
हालांकि राजस्थान से मानसून विदा हो गया है, लेकिन सक्रिय तंत्र के कारण बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने बांसवाड़ा, कोटा, करौली, उदयपुर और अलवर सहित पांच जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। 28 सितंबर को बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़, सलूम्बर और उदयपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
झारखंड में भारी बारिश की संभावना
आईएमडी ने झारखंड में 2 अक्तूबर तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। कोल्हान क्षेत्र के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा के लिए येलो अलर्ट जारी है। रांची, गुमला, बोकारो, रामगढ़ और धनबाद में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
महाराष्ट्र में हादसा
महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक बैराज में अचानक पानी बढ़ने से चार मजदूर फंस गए। आठ घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित निकाला गया।
बारिश का कारण
मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के पश्चिम दिशा में बढ़ने के कारण हो रहा है, जिससे कई राज्यों में भारी वर्षा और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।


