नई दिल्ली। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की आज बुधवार को बारामती में प्लेन क्रैश में मोत हो गई। इसके बाद सियासत भी गरम हो गई है। ममता बनर्जी ने इस दुर्घटना पर सवालिया निशान उठाते हुए इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी वाली कमेटी से कराने की मांग की है। राजद सुप्रीम लालू यादव, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई, वंचित बहुजन अघाड़ी नेता प्रकाश अंबेडकर सहित कई नेताओं ने भी इस पर सवाल उठाए हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पवार की मौत की खबर सुनकर उन्हें झटका लगा है। ममता ने दावा किया कि राजनीतिक नेताओं के लिए भी कोई सुरक्षा नहीं है और सोशल मीडिया पर चल रहे हालिया बयानों का जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि पवार भाजपा छोड़ने पर विचार कर रहे थे और दोनों एनसीपी एक होने वाली थी। ममता बनर्जी ने कहा कि आज जो हुआ है उससे गंभीर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में की गई जांच ही विश्वसनीय हो सकती है। बनर्जी ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों ने अपनी स्वतंत्रता खो दी है, हमें सिर्फ सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा है, किसी अन्य एजेंसी पर नहीं।
ममता बनर्जी के अलावा कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई, आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और वंचित बहुजन अघाड़ी नेता प्रकाश अंबेडकर समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए इस घटना के लिए जवाबदेही की मांग की है। लालू प्रसाद यादव ने एक्स पर कहा कि वह बहुत दुखी हैं और उन्होंने अजित पवार की आत्मा की शांति और उनके परिवार व समर्थकों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की, साथ ही दिवंगत नेता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हादसे की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
कंगना रनौत ने ममता पर किया पलटवार
ममता बनर्जी के बयान पर एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कितना बड़ा हादसा आज हो गया। हम सब लोग संसद में भी इस बारे में बात रहे थे। इस समय पर ममता जी द्वारा इतनी नीच बातें करना शोभा नहीं देता।


