राजस्व खुफिया निदेशालय ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सोना तस्करी के एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में 24 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 29.37 किलोग्राम सोना बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 37.74 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई की मुंबई इकाई ने ‘ऑपरेशन धाहाबू ब्लिट्ज’ चलाया। ‘धाहाबू’ का अर्थ सोना होता है। इस कार्रवाई को इस साल की सबसे बड़ी एयरपोर्ट कार्रवाई में से एक माना जा रहा है।
👉 यह भी पढ़ें:
- सोने के आयात पर सरकार का बड़ा शिकंजा, अब बिना शुल्क आने वाले सोने पर रहेगी कड़ी निगरानी
- ईरान में बड़ी कार्रवाई: जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, 50 गिरफ्तार, कई संपत्तियां जब्त
- पुलिस मुठभेड़ में गोतस्कर गिरोह का पर्दाफाश: दो बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार
- कतर में बड़ा एक्शन: IRGC से जुड़े जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार
अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिली थी कि केन्या के नैरोबी से आने वाली कुछ महिलाएं सोना छिपाकर भारत ला रही हैं। इसके बाद नैरोबी से मुंबई पहुंची 24 विदेशी महिलाओं को रोका गया और जांच की गई।
तलाशी के दौरान उनके बैग और कपड़ों से 25.10 किलोग्राम सोने की ईंटें और 4.27 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि इन महिलाओं को खास तौर पर सोना छिपाने और सुरक्षा जांच से बचने के लिए प्रशिक्षित किया गया था, जिससे यह साफ होता है कि यह एक सुनियोजित अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह है।
फिलहाल सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा, जबकि इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए जांच एजेंसियां आगे की कार्रवाई में जुटी हुई हैं।


