सागर। मध्यप्रदेश सागर के गढ़ाकोटा रोड पर शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार डॉक्टर की पत्नी जिंदा जल गईं, जबकि डॉक्टर अपने दो साथियों के साथ जिंदा बाहर निकल आए। इस घटना पर महिला के परिजन यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर पति और उसके दो मित्र कैसे बच गए।
बताया जाता है कि गढ़ाकोटा निवासी डॉ. नीलेश कुर्मी (42) अपनी पत्नी सीमा कुर्मी (38) को इलाज के लिए सागर ला रहे थे। रास्ते में चनाटोरिया के पास अचानक कार में आग भड़क उठी। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। मृतका सीमा कुर्मी के भाई लोकेश पटेल ने बताया कि उनकी बहन गढ़ाकोटा में रहती थीं। शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनके जीजा डॉ. नीलेश कुर्मी का फोन आया, जिसमें उन्होंने बताया कि सीमा को हार्ट अटैक आया है और उन्हें इलाज के लिए राय अस्पताल ले जाया जा रहा है।
👉 यह भी पढ़ें:
- कर्नाटक में दर्दनाक सड़क हादसा: लॉरी से भिड़ी गाड़ी, पांच लोगों की मौके पर मौत
- पुणे-मुंबई राजमार्ग पर बड़ा हादसा टला: सुप्रिया सुले की गाड़ी को मारी टक्कर
- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भयावह हादसा: चलती कार बनी आग का गोला, पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत
- मध्यप्रदेश के सागर में मां ने चार बेटियों को कुएं में फेंककर मार डाला, फिर फांसी लगाकर दे दी अपनी जान
लोकेश के अनुसार, सूचना मिलते ही वे भी अस्पताल के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान उन्हें दोबारा फोन आया कि सानौधा के पास एक्सीडेंट हो गया है। इसके कुछ देर बाद तीसरी कॉल में बताया गया कि कार में आग लग गई है और सीमा उसमें जल गई हैं। परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर संदेह जताया है। लोकेश पटेल का आरोप है कि सीमा और उनके पति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उन्होंने आशंका जताई है कि पहले सीमा को बेहोश किया गया या उनकी हत्या की गई और बाद में उन्हें कार में ले जाकर घटना को हादसे का रूप दिया गया।


