भोपाल। इंदौर के वरिष्ठ भाजपा नेता और राष्ट्रकवि सत्यनारायण सत्तन की बेटी कनुप्रिया सत्तन कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक और महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अर्चना जायसवाल की उपस्थिति में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली।
इस घटना ने मध्यप्रदेश की राजनीति में चर्चाएं बढ़ा दी हैं। सत्यनारायण सत्तन भाजपा के वरिष्ठ नेता होने के साथ ही एक कवि के रूप में अपनी अलग पहचान रखते हैं। सत्तन साल 1980 में इंदौर विधानसभा सीट-1 से विधायक रह चुके हैं। तब उन्होंने सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कृपाशंकर शुक्ला को हराया था। सत्तन मध्य प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग निगम के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इंदौर की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उनके इंदौर के महापौर के टिकट के लिए भी चर्चा चली थी, लेकिन तब कृष्णमुरारी मोघे को टिकट मिल गया था। सत्तन अपने तीखे तेवरों के कारण कई बार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के कोपभाजन का शिकार हुए हैं। वे कई बार अपनी ही सरकार पर निशाना साध चुके हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
- Rajya Sabha Election : कांग्रेस का बड़ा दांव, पवन खेड़ा को मिला राज्यसभा टिकट
- राज्यसभा के लिए कमलनाथ सहित अन्य नेताओं की नहीं गली दाल, मध्यप्रदेश से राहुल गांधी की पसंद मीनाक्षी नटराजन को मिला मौका
- मध्यप्रदेश में राज्यसभा का दंगल : भाजपा के कई ‘पहलवान’ अखाड़े में, वहीं कांग्रेस ढूंढ रही अपना ‘नाथ’
- Rahul Gandhi in Uttarakhand : मौसम की खराबी के कारण सिमकली नहीं पहुंच पाए राहुल गांधी, मोबाइल पर ही दिया संबोधन
कनुप्रिया सत्तन ने पिछले दिनों कहा था कि वे पार्टी के आदर्शों और इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व से गहराई से प्रभावित हैं। उन्होंने भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जहां पार्टी के स्थानीय नेता मौजूद थे। सत्यनारायण सत्तन की बेटी कनु प्रिया सत्तन के कांग्रेस में शामिल होने की जानकारी मध्यप्रदेश कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया एक्स पर दी है। एमपी कांग्रेस के आधिकारिक पेज पर की गई पोस्ट में लिखा है– प्रख्यात कवि एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेता सत्यनारायण सत्तन की पुत्री कनु प्रिया ने आज मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक एवं महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अर्चना जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कनु प्रिया का कांग्रेस परिवार में अभिनंदन किया।


