भोपाल। बारिश के कारण मध्यप्रदेश की सड़कें बेहाल हो गई हैं। भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने सड़कों को लेकर अजीब सा बयान दिया है। कांग्रेस के विरोध पर लोधी ने कहा कि दिग्विजय सिंह के समय सड़कें ओम पुरी जैसी हुआ करती थीं। अब हमारे समय में तो सड़कें श्रीदेवी जैसी कर दी हैं, लेकिन, अभी पानी गिर रहा है। अभी इंद्र भगवान से समझौता होना है।
उल्लेखनीय है कि शिवपुरी के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी सोमवार को विधानसभा के मानसून सत्र में भाग लेने भोपाल पहुंचे थे। मीडिया ने खराब सड़कों को लेकर उनसे सवाल किया था। भाजपा विधायक प्रीतम लोधी प्राइवेट कैब से विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा ओला कैब से आने का एक ही कारण है कि इंद्र भगवान नाराज चल रहे हैं। बहुत पानी बरसा रहे हैं। सारी सड़कें वाटर पार्क हो गई हैं। हमारे पास नाव तो है नहीं, तैर कर नहीं आ सकते। मेरे पास छोटी गाड़ी थी इसलिए उस छोटी गाड़ी से नहीं आ सके तो हमने ओला गाड़ी कर ली। उल्लेखनीय है कि प्रीतम लोधी अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहते है। कई बार उनके बयानों पर विवाद भी हुए हैं। कुछ समय पहले ही लोधी ने जातिगत जनगणना को लेकर उन्होंने कहा था कि देश में मोदी और लोधी का सिक्का चलेगा। जातिगत जनगणना से ओबीसी समाज का बहुत भला होने वाला है। ओबीसी समाज इससे उभर कर आएगा।
👉 यह भी पढ़ें:
- भाजपा विधायक प्रीतम लोधी को नोटिस, पुलिस अधिकारी को दी थी धमकी
- भाजपा के फायर ब्रांड विधायक टी राजा सिंह ने दिया इस्तीफा, पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से चल रही थी अनबन
- लव जिहाद को लेकर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने आपराधिक प्रेरणा देने वाले धर्मग्रंथों पर उठाए सवाल, पुलिस से कहा जब्त करें ऐसे ग्रंथ
- मनीष सिसोदिया ने एमएलए दफ्तर से एसी-टीवी तक चुरा लिया;बीजेपी विधायक रविंद्र नेगी का आरोप


