नई दिल्ली। इंदौर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एअर इंडिया की दिल्ली–इंदौर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। लैंडिंग से पहले पायलट को इंजन में तकनीकी खराबी नजर आई थी, जिसके बाद उसने एटीसी को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 161 यात्री सवार थे।
बताया जाता है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-1104) सुबह 6.40 बजे दिल्ली से रवाना होकर 8.15 बजे इंदौर पहुंचती है। लेकिन आज सुबह दिल्ली से 8.28 बजे रवाना हुई। फ्लाइट जब इंदौर पहुंच रही थी तभी इसके बाएं साइड के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने तुरंत इसकी जानकारी इंदौर एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की घोषणा करते हुए इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। इस पर फ्लाइट को लैंड करने के लिए रनवे के आसपास रेस्क्यू टीम, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस सहित सभी संबंधित टीमें तैनात कर दी गईं। पायलट ने सूझबूझ के साथ विमान को 9.51 बजे सुरक्षित लैंड करवाया। विमान फिलहाल रनवे-02 पर खड़ा है और तकनीकी टीम खराबी की जांच कर रही है। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट के लैंड होने के बाद इंजीनियरिंग टीम विमान की जांच कर रही है। सुधार कार्य जारी है।
👉 यह भी पढ़ें:
- Ahmedabad Airport Incident: टला बड़ा विमान हादसा! Air India और IndiGo के विमान आमने-सामने आए, आखिरी वक्त पर बची टक्कर
- Air India Flight Emergency: उड़ान के बीच अचानक मचा हड़कंप! Bird Strike के बाद करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, टला बड़ा हादसा
- महंगे ईंधन ने बिगाड़ा एयर इंडिया का उड़ान प्लान, तीन महीने तक कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बंद
- हवा में ही बंद हो गया एयर इंडिया के विमान का इंजन, पायलट ने पैन-पैन अलर्ट देकर उतारा विमान
- आसमान में मचा हड़कंप: धुएं के बीच एअर इंडिया विमान की लखनऊ में आपात लैंडिंग, यात्रियों में दहशत
- एयर इंडिया के लंदन जाने वाले विमान में आई तकनीकी खराबी, सात घंटे हवा में रहने के बाद वापस दिल्ली लौटी फ्लाइट
31 अगस्त को इंदौर की फ्लाइट में लगी थी आग
एयर इंडिया के विमानों में लगातार खराबी की शिकायतें आ रही हैं। 12 जून 2025 को फ्लाइट एआई-171 (अहमदाबाद से लंदन) टेकऑफ के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 241 लोगों की मौत हुई। इसी तरह 22 जुलाई 2025 को हांगकांग से दिल्ली आ रही फ्लाइट एआई-315 की लैंडिंग के बाद एक्सिलरी पावर यूनिट में आग लग गई। फिर 3 अगस्त 2025 को भुवनेश्वर से दिल्ली की फ्लाइट एआई-500 टेकऑफ से पहले केबिन में गर्मी के कारण रद्द कर दी गई। 31 अगस्त 2025 को दिल्ली से इंदौर की फ्लाइट के इंजन में आग का संकेत मिलने पर दिल्ली वापस लौट गई।



