भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने दावा किया कि राहुल गांधी की घोषित आय और विदेश दौरों पर हुए कथित खर्च के बीच भारी अंतर दिखाई देता है।
संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि वर्ष 2004 से 2026 के बीच राहुल गांधी ने 54 निजी विदेश यात्राएं कीं, जिन पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च हुए। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों में कोई सरकारी या संसदीय दौरा शामिल नहीं है।
👉 यह भी पढ़ें:
- सीबीआई निदेशक चयन पर राहुल गांधी का सरकार पर बड़ा हमला, बोले — “विपक्ष कोई रबर स्टैम्प नहीं”
- मोदी की अपील पर राहुल गांधी का हमला, बोले — “यह सलाह नहीं, सरकार की नाकामी का प्रमाण”
- राहुल गांधी का बड़ा आरोप, बोले—हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता
- राहुल गांधी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत, उनके खिलाफ एफआईआर की मांग वाली याचिका खारिज
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के चुनावी हलफनामों का हवाला देते हुए कहा कि आकलन वर्ष 2013-14 से 2022-23 तक के दस्तावेजों के अनुसार, दस वर्षों में उनकी कुल घोषित आय लगभग 11 करोड़ रुपये रही। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि जब घोषित आय 11 करोड़ रुपये थी, तो विदेश यात्राओं पर 60 करोड़ रुपये का खर्च कैसे किया गया।
संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी पिछले 22 वर्षों से निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं और इस दौरान उन्होंने इटली, ब्रिटेन, अमेरिका, जर्मनी, वियतनाम, सिंगापुर, बहरीन, मालदीव, कतर और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई देशों की यात्राएं की हैं।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की ज्यादातर विदेश यात्राएं सार्वजनिक रिकॉर्ड में दर्ज हैं। इनसे जुड़े कार्यक्रम, तस्वीरें, संसद से अनुपस्थिति का विवरण और सार्वजनिक मंचों की जानकारी उपलब्ध है।
संबित पात्रा ने कहा, “हमारा मुख्य सवाल यह है कि इन यात्राओं की फंडिंग आखिर कहां से हुई। यात्राएं सार्वजनिक थीं, लेकिन इनके पीछे पैसा किस रास्ते से आया, यह अब तक देश के सामने स्पष्ट नहीं किया गया है।”
भाजपा के इस आरोप के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। अब सबकी नजर कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है कि वह इन सवालों का क्या जवाब देती है।


