त्रिशुर। केरल के त्रिशूर जिले के मुंडथिक्कोडु इलाके में मंगलवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट गया। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है।
बताया जाता है कि विस्फोट के समय यूनिट में करीब 40 लोग काम कर रहे थे। यह विस्फोट उस पटाखा इकाई में हुआ, जहां त्रिशूर पूरम के थिरुवंबाडी गुट के लिए आतिशबाजी के सैंपल तैयार किए जा रहे थे। इस घटना में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 5 लोगों की हालत बेहद ही गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी, जिसमें आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट के बाद इलाके में घना धुआं और आग फैल गई, जिससे बचाव कार्यों में भी कठिनाई आई। घटनास्थल पर मौजूद अधजले और बिना फटे विस्फोटकों के कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे धमाके की तीव्रता और वहां मौजूद विस्फोटक सामग्री के पैमाने का अंदाजा लगाया जा सकता है।
👉 यह भी पढ़ें:
- एक तेज धमाका, टूटी बोगी और कुछ सेकंड का फर्क… अगर उस वक्त वहां यात्री मौजूद होते तो तस्वीर कुछ और भी हो सकती थी
- Myanmar Blast: एक धमाका और 55 लाशें! क्या विद्रोही इलाके में छिपा है कोई बड़ा राज?
- केरल में बड़ा एक्शन: पूर्व CM पिनाराई विजयन के घर समेत 12 ठिकानों पर ED की रेड
- बिहार में सियासी विस्फोट: आनंद मोहन के आरोपों से सत्ता गलियारों में मचा हड़कंप
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को केरल के त्रिशूर में एक पटाखा बनाने वाली यूनिट में हुए धमाके में लोगों की जान जाने पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। पीएमओ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।


