हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो (HP-01C-2581) में ग्राम महल पंचायत के सपरोठ गांव के छह लोग और एक चालक सवार थे। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी लोग काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह खुशी का सफर दर्दनाक त्रासदी में बदल गया।
👉 यह भी पढ़ें:
- Himachal Pradesh Accident: चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा, शादी से लौट रहे 4 लोगों की खाई में गिरने से मौत; ऑल्टो कार के उड़ गए परखच्चे
- हिमाचल में बर्फ़बारी का दोहरा असर: बागवानी-पर्यटन को राहत, आम जनजीवन ठंड से बेहाल
- नए साल के पहले दिन हिमाचल प्रदेश के सोलन में पुलिस थाने के पास ब्लास्ट, आसपास की इमारतों के चकनाचूर हुए कांच
- चंडीगढ़ पर हिमाचल का भी बराबर हक” — मुख्यमंत्री सुक्खू का बयान
- उत्तर भारत में बढ़ी सर्दी की रफ्तार, हिमाचल में माइनस तापमान तो राजस्थान में पारा सात डिग्री तक गिरा
- हिमाचल के नवनिर्मित नाग मंदिर में लगी आग, पूरा भवन हुआ राख, अगले साल होनी थी प्राण प्रतिष्ठा
बताया जा रहा है कि छतरूंड के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बोलेरो सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा समाई। खाई की गहराई करीब 500 मीटर होने के कारण राहत और बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी सात शवों को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटा है। शुरुआती जांच में सड़क की स्थिति, वाहन की रफ्तार और संभावित तकनीकी खराबी जैसे पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस हादसे के बाद सपरोठ पंचायत में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
गौरतलब है कि चंबा और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में संकरी सड़कें, तीखे मोड़ और गहरी खाइयां अक्सर सड़क हादसों की वजह बनती हैं। यह दुर्घटना एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।



