इंदौर। सरकारी कार्यालयों में आम लोगों के काम कराने के लिए रिश्वत मांगने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब सांवेर एसडीएम कार्यालय में पदस्थ एक बाबू पर जमीन का सीमांकन कराने और अवैध कब्जा हटवाने के नाम पर ढाई लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी बाबू मनीष के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
लोकायुक्त इंदौर के एसपी राजेश सहाय के अनुसार शिकायतकर्ता राहुल कुमावत निवासी ग्राम उजालिया, तहसील देपालपुर की पैतृक जमीन ग्राम हरियाखेड़ी, तहसील सांवेर में स्थित है। जमीन का खसरा नंबर 129/1/1/1 और रकबा 1.368 हेक्टेयर है। पिता की मृत्यु के बाद यह जमीन उनकी मां कमलाबाई कुमावत के नाम पर दर्ज है।
👉 यह भी पढ़ें:
- सीएम ने छोड़ा इंदौर का प्रभार, मंत्री विजयवर्गीय फिर भी खाली हाथ, चैतन्य काश्यप को मिली कमान
- आखिर 100 करोड़ की फर्जी रजिस्ट्रियों से कब उठेगा पर्दा, एफआईआर और जांच के बाद भी कोई पकड़ा क्यों नहीं जा रहा?
- श्रीराम बिल्डर्स के मामले में इंदौर हाईकोर्ट का बड़ा अंतरिम आदेश, 62 कब्जाधारियों पर बेदखली की कार्रवाई जारी रहेगी, कुछ को राहत
- इंदौर की खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को FSSAI की मंजूरी, अब खाद्य पदार्थों की जांच में आएगी तेजी
- इंदौर में शासन-प्रशासन को खुलेआम चुनौती दे गए दिलजीत दोसांझ, कहा- किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है!
- दिलजीत दोसांझ के शो पर विवाद : निगम का पिछला बकाया बाकी, फिर भी आयोजन, कार्यक्रम स्थल को लेकर भी उठ रहे सवाल
एक साल से भटक रहा था शिकायतकर्ता
शिकायतकर्ता ने अपनी जमीन का सही सीमांकन कराने और उस पर हुए अवैध कब्जे हटवाने के लिए करीब एक साल पहले आवेदन दिया था, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 31 अगस्त 2026 को वह सांवेर एसडीएम कार्यालय पहुंचा। यहां उसकी मुलाकात कार्यालय में पदस्थ बाबू मनीष से हुई। आरोप है कि बाबू ने सीमांकन की कार्रवाई कराने के बदले ढाई लाख रुपए की रिश्वत मांगी।
शिकायत की जांच के बाद कार्रवाई
इस मामले में राहुल कुमावत ने 2 सितंबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने संबंधी शिकायत सही पाए जाने के बाद 27 नवंबर 2026 को आरोपी मनीष, बाबू, एसडीएम कार्यालय सांवेर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। लोकायुक्त पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।
रिश्वत मांगने पर लोकायुक्त से करें शिकायत
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि संभाग में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगे जाने पर इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में की जा सकती है। इसके लिए मोती बंगला, एमजी रोड स्थित कार्यालय में संपर्क करने के साथ ही 0731-2533160 और 0731-2430100 पर सूचना दी जा सकती है।



